खिचड़ी मेले को लेकर गोरखनाथ मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था का आला अधिकारियों ने लिया जायजा
गोरखपुर। आगामी खिचड़ी मेले में लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगमता और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। बुधवार को अपर पुलिस महानिदेशक जोन गोरखपुर मुथा अशोक जैन, पुलिस उप महानिरीक्षक रेंज एस. चनप्पा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राज करन नय्यर ने श्री गोरखनाथ मंदिर परिसर का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने मंदिर परिसर, श्रद्धालुओं की आवाजाही, प्रवेश-निकास व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, सीसीटीवी निगरानी, पुलिस बल की तैनाती और भीड़ नियंत्रण की तैयारियों का जायजा लिया। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सुरक्षा में किसी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि मेले के दौरान चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहेगा। संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी तथा आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया दल सक्रिय रहेगा।
पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए दिए गए निर्देशों का पालन करें, ताकि खिचड़ी मेला पूर्णतः शांतिपूर्ण और सफल रहे।















