मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से दिए सख्त निर्देश, आगामी त्योहारों में सुरक्षा चाक-चौबंद रखने पर जोर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से दिए सख्त निर्देश, आगामी त्योहारों में सुरक्षा चाक-चौबंद रखने पर जोर

गोरखपुर। आगामी पर्व-त्योहारों के मद्देनजर प्रदेश में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास 5, कालिदास मार्ग से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने सभी जिलों और मंडलों के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रहे और किसी भी लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

गोरखपुर मंडलायुक्त सभागार से जुड़े इस वर्चुअल बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्व-त्योहार सामाजिक सौहार्द, भाईचारे और सद्भाव के प्रतीक हैं। राज्य सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है कि सभी त्योहार शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हों। उन्होंने संवेदनशील एवं अति संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने, प्रमुख बाजारों, धार्मिक स्थलों, भीड़भाड़ वाले इलाकों, रेलवे स्टेशनों एवं बस अड्डों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने ड्रोन कैमरे, सीसीटीवी निगरानी और निरंतर पेट्रोलिंग के माध्यम से हर गतिविधि पर पैनी नजर रखने का आदेश दिया। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों, भड़काऊ संदेश प्रसारित करने वालों तथा सामाजिक सद्भाव बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने पर बल दिया। अफवाहों का तत्काल खंडन कर सही जानकारी जनता तक पहुंचाने को कहा।

बैठक में बिजली, पानी, सफाई, स्वास्थ्य सेवाओं और यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने पर जोर दिया गया। नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग को स्वच्छता एवं आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए। पीस कमेटी की बैठकें आयोजित कर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, धर्मगुरुओं और गणमान्य नागरिकों से संवाद स्थापित करने को कहा।

गोरखपुर मंडलायुक्त सभागार में एडीजी जोन मुथा अशोक जैन, डीआईजी एस. चनप्पा, मंडलायुक्त अनिल ढींगरा, जिलाधिकारी दीपक मीणा, एसएसपी राज करन नय्यर, नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर बल दिया और किसी अप्रिय घटना पर त्वरित कार्रवाई एवं वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि गोरखपुर मंडल सहित पूरे प्रदेश में अधिकारी पूरी निष्ठा से कर्तव्य निर्वहन करेंगे, जिससे त्योहार सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से मनाए जा सकें। 

Previous articleनववर्ष 2026 का जश्न: सूर्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल में एमडी डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने स्टाफ के साथ मनाया उत्सव
Next articleभागवत कथा के प्रथम दिन उमड़ा जनसैलाब, आचार्य देवव्रत जी महाराज ने बताया भक्ति का महत्व और मोक्ष का सरल मार्ग

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here