बूथों का सघन निरीक्षण: डीएम आलोक कुमार ने मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रगति जांची, दिए सख्त निर्देश
संतकबीरनगर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद में चल रहे मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर) की प्रगति एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी आलोक कुमार ने खलीलाबाद विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न बूथों का स्थलीय निरीक्षण किया।
डीएम ने विधानसभा खलीलाबाद के अंतर्गत पूर्व माध्यमिक विद्यालय बघौली के बूथ संख्या 492, 493 और 494 का जायजा लिया। इस दौरान बीएलओ परमात्मा प्रसाद, दुर्गावती देवी और देवेंद्र चौधरी उपस्थित पाए गए। उन्होंने प्राथमिक विद्यालय बालूशासन के बूथ 485-486, प्राथमिक विद्यालय कोपमाफी के बूथ 433-434 तथा पीएम श्री उच्च प्राथमिक विद्यालय हरदी के बूथ 440-442 का भी निरीक्षण किया।
इन बूथों पर संबंधित बीएलओ उपस्थित मिले।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम की यथार्थता, फीडिंग एवं अन्य कार्यों की प्रगति का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने सभी बीएलओ को सख्त निर्देश दिए कि वे अपने क्षेत्र के गांवों में दोपहर 2:00 बजे के बाद घर-घर जाकर एएसडी (अनुपस्थित, स्थानांतरित या मृत) मतदाताओं का सत्यापन करें। मतदाता सूची को पढ़कर सुनाएं और छूटे हुए पात्र मतदाताओं से प्रपत्र-06 भरवाकर बीएलओ ऐप पर तुरंत डिजिटाइज्ड करें।डीएम ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण एवं अद्यतन लोकतंत्र की मजबूती के लिए अत्यंत आवश्यक है। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बीएलओ को गुणवत्ता एवं समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने की हिदायत दी।यह निरीक्षण एसआईआर कार्यक्रम को और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। जिला प्रशासन ने सभी बूथों पर इसी तरह की निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि मतदाता सूची पूर्णतः सटीक, अद्यतन एवं विश्वसनीय बने।















