छठ घाटों का डीएम और एसपी ने किया निरीक्षण, व्यवस्थाएं समय से दुरुस्त करने के निर्देश
पक्का पोखरा, मोतीनगर चीनी मिल तिराहा, मगहर और बालूशासन घाटों का लिया जायजा, सफाई, रोशनी, बैरिकेडिंग और सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने पर जोर
संतकबीरनगर। छठ पर्व को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को जिलाधिकारी अनुज मलिक और पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने पक्का पोखरा, मोतीपुर, चीनी मिल तिराहा, मगहर और बालूशासन सहित विभिन्न छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों पर व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं की सुविधा, साफ-सफाई तथा सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समय से पूरी कराने के निर्देश दिए।
नगर पालिका परिषद खलीलाबाद क्षेत्र में समय माता मंदिर के पास स्थित पक्का पोखरा का भी अधिकारियों ने निरीक्षण किया। यहां छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए पोखरे की साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, बैरिकेडिंग और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था देखी गई। इसके साथ ही नाव और गोताखोरों की तैनाती सहित सुरक्षा से जुड़े अन्य इंतजामों की जानकारी ली गई। संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को छठ पूजा से पहले सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरी कराने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने नगर पालिका और नगर पंचायतों के अधिकारियों को घाटों तथा आसपास के क्षेत्रों में विशेष साफ-सफाई कराने को कहा। उन्होंने झाड़-झंखाड़ हटाने, रास्तों को दुरुस्त करने और पर्याप्त शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। खास तौर पर व्रती महिलाओं और अन्य श्रद्धालुओं की सुविधा का ध्यान रखने पर जोर दिया, ताकि पूजा-अर्चना के दौरान किसी को असुविधा न हो।
डीएम अनुज मलिक ने कहा कि छठ पर्व पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाटों पर पहुंचते हैं। ऐसे में प्रशासन की जिम्मेदारी है कि उन्हें स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिले। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से काम करते हुए समय रहते तैयारियां पूरी कर लें। घाटों पर साफ-सफाई से लेकर मूलभूत सुविधाओं तक की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
वहीं, पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने सुरक्षा के दृष्टिगत संबंधित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने घाटों पर पर्याप्त पुलिस व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और सतर्क निगरानी रखने पर जोर दिया, ताकि पर्व के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनी रहे।
नगर पालिका परिषद खलीलाबाद की ओर से भी छठ पूजा को सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए तैयारियां की जा रही हैं। प्रशासन ने नगर पालिका, नगर पंचायतों और संबंधित विभागों को निर्देशित किया है कि पर्व से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।















