किसान दिवस पर भव्य सम्मान समारोह: डीएम दीपक मीणा ने खाद कालाबाजारी पर कार्रवाई, नहर सफाई के दिए निर्देश

किसान दिवस पर भव्य सम्मान समारोह: डीएम दीपक मीणा ने खाद कालाबाजारी पर कार्रवाई, नहर सफाई के दिए निर्देश

गोरखपुर। पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयंती पर किसान दिवस के अवसर पर एनेक्सी सभागार में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि वरिष्ठ नेता राधेश्याम सिंह एवं विशिष्ट अतिथि जिलाधिकारी दीपक मीणा ने चौधरी चरण सिंह के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। विभिन्न विकास खंडों से आए सैकड़ों किसानों ने उनके विचारों को नमन किया।

कार्यक्रम में किसानों की समस्याओं पर गहन चर्चा हुई। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना एवं तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने चौधरी चरण सिंह को किसानों का मसीहा बताते हुए उनके आदर्शों को व्यवहार में उतारने की जिम्मेदारी पर जोर दिया।

 

खाद कालाबाजारी पर सख्ती बरतते हुए डीएम ने रेट लिस्ट न लगाने वाली दुकानों पर अनिवार्य लगवाने एवं उल्लंघन पर कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए। दो दुकानों का लाइसेंस निरस्त करने की जानकारी दी तथा किसानों के शोषण को बर्दाश्त न करने की चेतावनी दी।

प्रधानमंत्री कुसुम योजना में सब्सिडी देरी एवं मशरूम उत्पादन के लिए अतिरिक्त सब्सिडी की मांग पर अधिकारियों को समयबद्ध एवं पारदर्शी लाभ वितरण सुनिश्चित करने को कहा।

नहर सफाई के मुद्दे पर डीएम ने कहा कि 8 क्यूसेक से कम प्रवाह वाली नहरों में मनरेगा मजदूरों से तथा अधिक में जेसीबी से सफाई कराई जाएगी। सिंचाई विभाग को शीघ्र आकलन एवं कार्रवाई के निर्देश दिए।

छुट्टा पशुओं से फसल नुकसान की समस्या पर प्रशासन की निरंतर कोशिशों का जिक्र करते हुए पंचायत स्तर पर सहयोग एवं गौशालाओं में सक्रियता की अपील की।

डीएम ने किसानों को देश की रीढ़ बताते हुए उनकी मेहनत की सराहना की तथा योजनाओं से कृषि को आधुनिक बनाने पर बल दिया। मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी, उप निदेशक कृषि धनंजय सिंह, जिला कृषि अधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह सहित अधिकारी उपस्थित रहे।

किसान मेला एवं प्रदर्शनी में आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी गई। आत्मा योजना के प्रगतिशील किसानों को प्रशस्ति पत्र एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम किसान-प्रशासन संवाद का सशक्त मंच साबित हुआ।

Previous articleसाइबर अपराधों पर अंकुश के लिए पुलिस लाइन में महत्वपूर्ण बैठक, एसपी ने दिए सख्त निर्देश
Next articleचिलुआताल पुलिस ने अवैध तमंचे के साथ युवक को किया गिरफ्तार

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here