गौसेवा में रमे एसपी संदीप कुमार मीना: मगहर की कान्हा गौशाला में गायों को खिलाया गुड़
संतकबीरनगर। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने एक बार फिर गौसेवा के प्रति अपने प्रेम का परिचय दिया। शनिवार को कोतवाली थाने में आयोजित समाधान दिवस से निवृत्त होने के बाद वे सीधे मगहर स्थित कान्हा गौशाला पहुँचे और सभी गायों को अपने हाथों से गुड़ खिलाया।
व्यस्ततम दिनचर्या के बावजूद हर माह की भाँति इस माह भी एसपी ने गौशाला में समय निकाला। जैसे ही गायों ने उन्हें देखा, प्यार भरी रंभाने की आवाजें गूँज उठीं। उनकी आँखों में करुणा का रस साफ झलक रहा था। गायों को गुड़ खिलाते हुए उन्होंने बताया, “बचपन से ही मुझे गायों की सेवा करने का शौक है। पढ़ाई के दिनों में भी मैं यह कार्य करता रहा। इससे मुझे अपार शांति और सुकून मिलता है।”
एसपी मीना ने ठंड के मौसम में गायों को गुड़ खिलाने के लाभ गिनाते हुए कहा, “गुड़ से गायों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है, आयरन मिलता है और दूध उत्पादन में भी वृद्धि होती है। यह मेरा व्यक्तिगत अनुभव और मानना है। गौसेवा से दिल को जो शांति मिलती है, वह अनमोल है।”
गौशाला प्रबंधकों व मौजूद लोगों ने एसपी के इस मानवीय पहलू की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी का यह रूप समाज के लिए प्रेरणादायक है।















