मतदाता सूची पुनरीक्षण में तेजी लाएं: मुख्य निर्वाचन अधिकारी
गोरखपुर में डीएम दीपक मीणा को समयबद्ध और पारदर्शी कार्य के निर्देश
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने गुरुवार को लखनऊ से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए गोरखपुर सहित सभी जिलों के निर्वाचन कार्यों की समीक्षा की। बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी व डीएम दीपक मीणा, एडीएम (वित्त) विनीत कुमार सिंह और सभी उप जिलाधिकारियों ने हिस्सा लिया। मुख्य फोकस आगामी विधानसभा चुनाव से पहले विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रगति पर रहा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि गोरखपुर में मतदाता सूची का पुनरीक्षण पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से हो। उन्होंने जोर दिया कि हर पात्र नागरिक का नाम सूची में शामिल हो और कोई भी वंचित न रहे। साथ ही, स्थानांतरित या मृत मतदाताओं के नाम सावधानीपूर्वक हटाने का निर्देश दिया। बीएलओ को गणना प्रपत्र समय पर उपलब्ध कराने और घर-घर सत्यापन के लिए सक्रियता दिखाने को कहा गया।
डीएम दीपक मीणा ने बताया कि जिले में एसआईआर कार्य तेजी से चल रहा है। बीएलओ को प्रशिक्षण और सामग्री दी जा चुकी है, जो घर-घर जाकर फॉर्म-6, 7, 8 और 8ए के जरिए नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन का कार्य कर रहे हैं। सभी एसडीएम को दैनिक प्रगति रिपोर्ट भेजने और क्षेत्रीय समस्याओं का तुरंत समाधान करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने चेतावनी दी कि मतदाता सूची में त्रुटि या लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष और सटीक मतदाता सूची लोकतंत्र की मजबूती के लिए जरूरी है। सभी अधिकारी मिशन मोड में कार्य करें ताकि आगामी चुनाव प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष हो।















