किसानों को खाद-बीज की किल्लत से राहत, डीएम के सख्त निर्देश
एसडीएम-पुलिस की निगरानी में सुचारू आपूर्ति, प्रतिदिन 10 बजे तक रिपोर्ट अनिवार्य
गोरखपुर। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने किसानों को खाद-बीज की कमी से होने वाली परेशानियों पर कड़ा रुख अपनाते हुए त्वरित और प्रभावी कदम उठाए हैं। उन्होंने कृषि अधिकारियों और एडीएम (वित्त एवं सहकारिता) को निर्देश दिए कि किसी भी किसान को खाद-बीज के लिए लाइन में खड़े होकर परेशानी न झेलनी पड़े। सभी वितरण केंद्रों पर पर्याप्त स्टॉक सुनिश्चित करने और सुचारू वितरण की व्यवस्था करने पर जोर दिया गया।
डीएम ने कहा कि जहां कहीं भीड़ या अव्यवस्था की स्थिति बने, वहां एसडीएम और पुलिस अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचकर निगरानी करें और अनुशासित तरीके से वितरण सुनिश्चित करें। साथ ही, हर केंद्र से सुबह 10 बजे तक खाद-बीज की उपलब्धता और वितरण की रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेजना अनिवार्य किया गया। स्टॉक की कमी या वितरण में देरी की शिकायत पर तुरंत आपूर्ति बढ़ाने के निर्देश दिए गए ताकि रबी की बोआई प्रभावित न हो।
किसानों की शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर बल देते हुए डीएम ने कहा कि उसी दिन समस्याओं का समाधान हो। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। इसके अलावा, डीएम ने अपने कार्यालय में फरियादियों की समस्याएं सुनीं और तत्काल समाधान के लिए अधिकारियों को फोन पर निर्देश दिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि कोई भी फरियादी बार-बार चक्कर न काटे, उनकी समस्याओं का तुरंत निपटारा हो।
डीएम मीणा ने स्पष्ट किया कि शासन का उद्देश्य किसानों को हरसंभव सुविधा देना है। जिले के अधिकारी सक्रियता दिखाएं ताकि खाद-बीज की आपूर्ति निर्बाध रहे और किसान निश्चिंत होकर खेती की तैयारी कर सकें।















