दुर्गा प्रतिमा विसर्जन स्थल का निरीक्षण, डीआईजी रेंज ने दिए सुरक्षा के निर्देश।
गोरखपुर। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन की तैयारियों के मद्देनजर शुक्रवार को डीआईजी रेंज एस. चनप्पा ने मंडलायुक्त अनिल ढींगरा, जिलाधिकारी दीपक मीणा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राज करन नैय्यर, नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल, एडीएम सिटी अंजनी कुमार सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट उत्कर्ष श्रीवास्तव व अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा के साथ एकला बंधा के पास राप्ती नदी के तट पर बने कृत्रिम तालाब का निरीक्षण किया।
डीआईजी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि विसर्जन स्थल पर किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता हो। उन्होंने पूरे क्षेत्र में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, प्रभावी पुलिस तैनाती, बैरिकेडिंग, पार्किंग और यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा में कोई कोताही बर्दाश्त नहीं होगी।
मंडलायुक्त व जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि दशहरा पर्व के दौरान विसर्जन प्रक्रिया शांतिपूर्ण और सुरक्षित रहने के लिए सभी संसाधन जुटाए जा रहे हैं। यह निरीक्षण त्योहार की तैयारियों को मजबूत बनाने का महत्वपूर्ण कदम है।