पोषण पंचायत: राष्ट्रीय पोषण माह व मिशन शक्ति के तहत जागरूकता अभियान
गोरखपुर। राष्ट्रीय पोषण माह और मिशन शक्ति के तहत विकास भवन सभागार में पोषण पंचायत का आयोजन हुआ। राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती चारु चौधरी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की और जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अभिनव कुमार मिश्रा के साथ दीप प्रज्वलन कर शुभारंभ किया।
श्रीमती चारु चौधरी ने विशाल पोषण रैली को हरी झंडी दिखाई, जिसमें गोरखपुर शहरी परिक्षेत्र, पिपरौली, चारगांवा, खोराबार और जंगल कौड़िया की 200 आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियों ने ढोल-नगाड़ों के साथ हिस्सा लिया। रैली में राष्ट्रीय पोषण माह के आठवें संस्करण के थीम आधारित नारों के जरिए पोषण का संदेश प्रसारित किया गया।
कार्यक्रम में दो शिशुओं का अन्नप्राशन और दो महिलाओं की गोदभराई समारोह आयोजित हुआ। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने पोषण अभियान को जन आंदोलन बनाने में विभाग की भूमिका पर प्रकाश डाला। आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियों के बीच श्री अन्न आधारित पोषण रेसिपी और यूनिसेफ के मंडल समन्वयक सुरेश तिवारी व सीडीपीओ खजनी रचना पांडे द्वारा पोषण क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई।
श्रीमती चारु चौधरी ने आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियों की स्वास्थ्य, पोषण और स्कूल पूर्व शिक्षा में भूमिका की सराहना की। उन्होंने वेस्ट मटेरियल से बने शैक्षिक टॉयथॉन और उच्च गुणवत्ता वाली पोषण रेसिपी को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्रों को बच्चों के भविष्य की नींव बताते हुए मुख्यमंत्री के पोषण अभियान को सफल बनाने की अपील की।
कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन डीपीओ डॉ. अभिनव कुमार मिश्रा ने किया। जिला प्रोबेशन अधिकारी समर बहादुर सरोज, बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी, सीडीपीओ, मुख्य सेविकाएं और आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियां मौजूद रहीं।















