मिशन शक्ति 5.0: डीआईजी बस्ती के निर्देशन में रेंज पुलिस ने चलाया व्यापक जागरूकता अभियान
बस्ती। पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी के निर्देशन में 22 सितंबर 2025 को मिशन शक्ति 5.0 के तहत बस्ती, संतकबीरनगर और सिद्धार्थनगर में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए व्यापक अभियान चलाया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर शुरू हुए इस एक माह के अभियान का लक्ष्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित माहौल प्रदान करना है।
बस्ती में महिला पुलिस टीम, शक्ति दीदी और एंटी रोमियो स्क्वॉड ने बस स्टेशनों, बाजारों, विद्यालयों और भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर सघन चेकिंग की। महिलाओं और छात्राओं से संवाद कर उन्हें गुड टच-बैड टच, साइबर अपराध, घरेलू हिंसा और सुरक्षा उपायों की जानकारी दी गई। हेल्पलाइन नंबर 1090, 181, 1076, 112, 1098, 102 और 108 के बारे में जागरूक किया गया।
संतकबीरनगर में महिला बीट पुलिस और शक्ति दीदी ने गांवों, कस्बों, स्कूल-कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर चौपाल व जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकार, कानूनी प्रावधान और सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर पंपलेट वितरित किए गए। हेल्पलाइन नंबरों से अवगत कराया गया।
सिद्धार्थनगर में शारदीय नवरात्रि को ध्यान में रखते हुए मंदिरों और सार्वजनिक स्थानों पर महिला पुलिस बल तैनात किया गया। एंटी रोमियो टीमों ने सघन चेकिंग की। छात्राओं को निर्भीक होकर शिक्षा ग्रहण करने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया।















