पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष के पति पर दुष्कर्म का केस, मकान हड़पने का आरोप।
संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने शुक्रवार को कोर्ट के आदेश पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष के पति अरुण कुमार के खिलाफ दुष्कर्म, मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी का मुकदमा दर्ज किया। पीड़ित महिला का पति देवरिया में अरुण कुमार की गैस एजेंसी पर 2007 से कर्मचारी था। महिला ने आरोप लगाया कि अरुण ने नजदीकियां बढ़ाकर और धमकी देकर वर्षों तक उससे शारीरिक संबंध बनाए। 4 जुलाई 2025 को खलीलाबाद स्थित उसके आवास पर असलहा दिखाकर दुष्कर्म किया और विरोध पर मारपीट की।
महिला के अनुसार, अरुण ने 2016 में चुनाव के लिए 13 लाख रुपये (8 लाख ऑनलाइन, 5 लाख नकद) लिए। 2019 में 17 लाख रुपये देकर खलीलाबाद में मकान बनवाया, जो 2020 में तैयार हुआ। वह परिवार सहित वहां रह रही है। उसने पुलिस पर शिकायत अनसुनी करने का आरोप लगाया, जिसके बाद कोर्ट की शरण ली। कोतवाल पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि केस दर्ज कर जांच शुरू है।
अरुण कुमार ने दावा किया कि महिला ने उसके खलीलाबाद स्थित मकान को हड़पने की नीयत से झूठा केस दर्ज कराया। उनके मुताबिक, महिला का पति उनकी गैस एजेंसी पर 12 हजार रुपये मासिक वेतन पर काम करता था और बाद में खलीलाबाद में किराएदार के रूप में रहा। पुलिस जांच से सच्चाई सामने आएगी। यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।