डीआईजी बस्ती ने उमिला में जनचौपाल लगाकर ड्रोन अफवाहों पर किया जागरूक
संतकबीरनगर। डीआईजी बस्ती संजीव त्यागी ने पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना के साथ 15 सितंबर 2025 की रात्रि में थाना कोतवाली खलीलाबाद के ग्राम सभा उमिला में जनचौपाल आयोजित कर आमजन से संवाद किया। इस दौरान ड्रोन से संबंधित अफवाहों के प्रति लोगों को जागरूक किया गया और उत्तर प्रदेश सरकार की “ड्रोन प्रचालन सुरक्षा नीति-2023” की विस्तृत जानकारी दी गई।
डीआईजी ने बताया कि प्रत्येक ड्रोन को यूनिक पहचान संख्या दी जाएगी, जिसकी पुलिस निगरानी करेगी। विवाह, सांस्कृतिक, धार्मिक आयोजनों या सोशल मीडिया कंटेंट के लिए ड्रोन उपयोग से पहले थाना स्तर पर पंजीकरण और अनुमति अनिवार्य है। थानों पर ड्रोन संचालकों और उड़ानों का विवरण दर्ज होगा। विशेष आयोजनों, त्योहारों या जनसभाओं के दौरान अस्थायी रेड जोन घोषित किए जाएंगे। अनधिकृत ड्रोन उपयोग दंडनीय अपराध है, जिस पर कठोर कार्रवाई होगी।
उन्होंने आमजन से संदिग्ध गतिविधियों, वस्तुओं या ड्रोन उड़ानों की तत्काल सूचना पुलिस को देने, चोरी-लूट की रोकथाम के लिए सतर्क रहने और अफवाहों से बचने की अपील की। जनचौपाल के बाद डीआईजी ने कांटे चौकी क्षेत्र में रात्रि पैदल गश्त कर कानून-व्यवस्था और सुरक्षा का जायजा लिया।
डीआईजी ने प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार पांडेय को प्रभावी निगरानी, सघन रात्रि गश्त, चेकिंग और ड्रोन संबंधी सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी अजय सिंह, पीआरओ दुर्गेश कुमार पांडेय, पी.के. गुप्ता सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।















