गणेश चौराहा से विजय चौक तक वन-वे ट्रायल शुरू
गोरखपुर। शहर में यातायात को सुचारु बनाने के लिए जिला प्रशासन ने अहम कदम उठाया है। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में यातायात व्यवस्था को बेहतर करने के निर्देश दिए। इसके तहत गणेश चौराहा से विजय चौक तक वन-वे व्यवस्था का दो दिवसीय ट्रायल रविवार और सोमवार को लागू किया जाएगा। सफल होने पर इसे स्थायी रूप से लागू किया जा सकता है।
वन-वे व्यवस्था के नियम:
गणेश चौराहा से विजय चौक:बस, ट्रक और टैंकर को छोड़कर सभी वाहनों का आवागमन सुचारु रहेगा।
विजय चौक से गणेश चौराहा: सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक दोपहिया वाहनों को छोड़कर तीन पहिया, चार पहिया और कमर्शियल वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। ये वाहन विजय चौक से अग्रसेन तिराहा, टाउनहॉल तिराहा, कचहरी चौराहा या सुमेर सागर रोड, जटाशंकर तिराहा, धर्मशाला चौराहा होते हुए गंतव्य तक जाएंगे।
दोपहिया वाहन: विजय चौक से गणेश चौराहा की ओर आने वाले दोपहिया वाहन गणेश चौराहा से पहले सिंह बिरयानी गली से काली मंदिर तिराहा होकर जाएंगे।
छूट: एम्बुलेंस और आपातकालीन वाहनों पर यह व्यवस्था लागू नहीं होगी।
बैठक में एसएसपी राजकरन नय्यर, नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल, एसपी सिटी अभिनव त्यागी, एडीएम सिटी अंजनी कुमार सिंह, एसपी ट्रैफिक संजय कुमार, सहायक पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।















