जिला अस्पताल में आधुनिक तकनीक से सफल सीजेरियन ऑपरेशन।
संतकबीरनगर। जिला अस्पताल में जटिल ऑपरेशनों के जरिए मरीजों को गंभीर बीमारियों से राहत और उन्नत स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. रामाकांत कनौजिया और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. राम प्रवेश के कुशल मार्गदर्शन में शनिवार को एक प्रसूता का जटिल सीजेरियन ऑपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
ऑपरेशन में जनरल एनेस्थीसिया के तहत आधुनिक वीडियो लारिंगोस्कोपी तकनीक का उपयोग किया गया। डॉ. संतोष त्रिपाठी ने बताया कि प्रसूता का बचपन में पीठ का ऑपरेशन होने के कारण रीढ़ की हड्डी में इंजेक्शन देना संभव नहीं था। ऐसी जटिल स्थिति में मरीज को रेफर करने के बजाय, एसजीपीजीआई और आरएमएल जैसे संस्थानों में प्रयुक्त होने वाली इस उन्नत तकनीक से सुरक्षित प्रसव कराया गया। ऑपरेशन के बाद जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं और अस्पताल के वार्ड में भर्ती हैं।
इस सफल ऑपरेशन में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सीताराम कनौजिया, एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. संतोष त्रिपाठी, सहयोगी स्वास्थ्य कर्मी गीता, शशि श्रीवास्तव और पंकज ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यह उपलब्धि जिला अस्पताल की आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं और चिकित्सकों की विशेषज्ञता को दर्शाती है, जिससे मरीजों को स्थानीय स्तर पर उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं।















