साइबर क्राइम से बचाव के लिए छात्रों को बनाया गया डिजिटल वॉरियर.
संतकबीरनगर। साइबर अपराधों के बढ़ते खतरे के बीच पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में श्री लालबहादुर शास्त्री स्मारक इंटर कॉलेज, टुम्पार (थाना महुली) में 3 सितंबर 2025 को एक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। साइबर क्राइम थाना और थाना महुली की संयुक्त टीम ने “डिजिटल वॉरियर्स” पहल के तहत छात्रों और शिक्षकों को साइबर ठगी से बचाव के लिए जागरूक किया।
अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी धनघटा प्रियम राजशेखर पाण्डेय के मार्गदर्शन में साइबर क्राइम थाना प्रभारी जय प्रकाश चौबे ने कार्यशाला का नेतृत्व किया। उन्होंने बताया कि साइबर अपराधी पुलिस, सीबीआई, ईडी, जज या सरकारी अधिकारी बनकर वीडियो कॉल और अन्य डिजिटल माध्यमों से लोगों को डराकर ठगी करते हैं। छात्रों को डिजिटल अरेस्ट, वॉयस क्लोनिंग, AI वॉयस स्कैम, फिशिंग, डेटिंग ऐप्स, QR कोड स्कैम, ATM बैंकिंग फ्रॉड, ऑनलाइन ट्रेनिंग स्कैम, फर्जी मुनाफे का लालच, फर्जी फेसबुक ID, न्यूड वीडियो कॉल फ्रॉड, वर्क फ्रॉम होम, सोशल मीडिया पर अजनबियों से दोस्ती, ATM कार्ड क्लोनिंग, फर्जी कस्टमर केयर नंबर, ऑनलाइन शॉपिंग फ्रॉड, KYC अपडेट फ्रॉड और फर्जी मोबाइल ऐप जैसे खतरों से सतर्क रहने की सलाह दी गई।
छात्रों को ओटीपी, बैंक विवरण या निजी जानकारी साझा न करने की हिदायत दी गई। किसी भी साइबर फ्रॉड की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करने या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करने को कहा गया। कार्यशाला में थानाध्यक्ष महुली रजनीश राय, उपनिरीक्षक सोमनाथ मिश्रा, कांस्टेबल रामप्रवेश मधेशिया, महिला कांस्टेबल अमृता सिंह, कमलेश कुमारी, पूजा चौधरी सहित अन्य पुलिस कर्मी और ग्रामीण उपस्थित रहे।
यह पहल न केवल छात्रों को साइबर अपराधों से बचाने में मददगार होगी, बल्कि डिजिटल युग में सुरक्षित रहने के लिए उन्हें सशक्त भी बनाएगी।















