सीसीटीएनएस से चिह्नित 120 अपराधियों पर पुलिस की पैनी नजर

सीसीटीएनएस से चिह्नित 120 अपराधियों पर पुलिस की पैनी नजर

संतकबीरनगर। अपराध पर लगाम कसने के लिए पुलिस ने सीसीटीएनएस (क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम) के जरिए जिले के 120 कुख्यात अपराधियों को चिह्नित किया है। प्रत्येक थाने से 15-15 अपराधियों की सूची तैयार की गई है, जिनमें 78 सक्रिय और टॉप-10 सूची में शामिल हैं। अब तक निरोधात्मक कार्रवाई से बचे इन अपराधियों पर पुलिस का शिकंजा कसने की तैयारी जोरों पर है। 

पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के नेतृत्व में पिछले पांच वर्षों के संगीन अपराधों के आधार पर अपराधियों की छंटनी की गई। इनके खिलाफ कुल 819 मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें 802 में आरोप पत्र दाखिल हो चुके हैं, जबकि 17 विवेचनाधीन हैं। कोतवाली खलीलाबाद में 11, बेलहर कला में 3, और महुली, मेंहदावल, बखिरा में 1-1 मुकदमा लंबित है। 15 अपराधियों को सजा हो चुकी है, 5 दोषमुक्त हुए, और 782 मुकदमे कोर्ट में विचाराधीन हैं। 

सत्यापन में खुलासा हुआ कि 19 अपराधी जेल में हैं, 94 जमानत पर हैं, और 7 फरार हैं। पुलिस ने 72 अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली, जिनमें दुधारा (15), बखिरा (14), बेलहर (9), मेंहदावल (8), धर्मसिंहवा (7), महुली (7), और कोतवाली खलीलाबाद (2) शामिल हैं। 87 अपराधियों पर गुंडा एक्ट और 73 पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई हुई। गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत कोतवाली खलीलाबाद और दुधारा में 2-2, बखिरा में 1 अपराधी की ₹3,03,24,568 की संपत्ति जब्त की गई। 

चिह्नित अपराधी चोरी, लूट, नकबजनी, गोकशी और महिला उत्पीड़न जैसे अपराधों में लिप्त रहे हैं। जिनकी हिस्ट्रीशीट नहीं खुली, उनकी खोलने की प्रक्रिया शुरू होगी। साथ ही, गुंडा, गैंगस्टर और एनएसए के तहत कार्रवाई होगी। अपराध से अर्जित संपत्ति भी जब्त की जाएगी। 

पुलिस ने थानों की सक्रिय और टॉप-10 सूची में शामिल 78 अपराधियों पर विशेष नजर रखी है, जिनमें दुधारा (15), धनघटा, महुली, बखिरा, धर्मसिंहवा (12-12), बेलहर कला (8), मेंहदावल (4), और खलीलाबाद (3) शामिल हैं। इस नई व्यवस्था से पुलिस अपराधियों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करेगी, जिससे जिले में अपराध पर प्रभावी अंकुश लगेगा।

Previous articleपुलिस मुठभेड़ में ₹25,000 के इनामी बदमाश जुल्फीकार और असलम घायल, गिरफ्तार।
Next articleखोराबार में ड्यूटी पर तैनात दरोगा और सिपाही पर चाकू से हमला, आरोपी गिरफ्तार।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here