चौपाल में समस्याओं का समाधान, स्वच्छता और विकास पर सीडीओ के कड़े निर्देश

 चौपाल में समस्याओं का समाधान, स्वच्छता और विकास पर सीडीओ के कड़े निर्देश

गोरखपुर। विकास खंड बारदरनगर में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) शाश्वत त्रिपुरारी ने ग्राम पंचायत रामपुर बुजुर्ग में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने विकास खंड कार्यालय और परिसर का निरीक्षण कर खंड विकास अधिकारी को स्वच्छता सुनिश्चित करने का आदेश दिया। चौपाल में ग्रामीणों ने जलजमाव, सड़क निर्माण और बिजली तारों की समस्या उठाई। सीडीओ ने खंड विकास अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) और पीडब्ल्यूडी को जल निकासी के लिए नालियां बनाने, सड़क निर्माण और बिजली तारों को ठीक करने के निर्देश दिए। 

ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए सीडीओ ने शपथ दिलाई कि वे नालियों और गांव में जलजमाव नहीं होने देंगे, ताकि संक्रामक बीमारियां रोकी जा सकें। इसके बाद, विकास खंड मुख्यालय पर स्वच्छता रैली को हरी झंडी दिखाई गई, जिसमें 10 स्वच्छता गाड़ियों और ई-रिक्शा के माध्यम से डेंगू, चिकनगुनिया, मलेरिया जैसी बीमारियों से बचाव के लिए जागरूकता जिंगल बजाए गए। रैली गौनर गगड़ा, सरैया, डुमरीखास, अधाड़ अवधपुर, शत्रुघ्नपुर और चौरी गांवों में गई। 

सीडीओ ने खंड विकास अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी, प्रभारी चिकित्साधिकारी और अन्य अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने ग्राम पंचायतों में रोस्टर के अनुसार स्वच्छता जागरूकता बैठकें आयोजित करने, फॉगिंग, बाल पेंटिंग और प्रवेश द्वारों पर जागरूकता पोस्टर लगाने के निर्देश दिए। सभी अधिकारियों को विभागीय लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करने का आदेश दिया गया। निरीक्षण और बैठक में विकास खंड के सभी अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। 

Previous articleविरासत गलियारे के लिए मकान-दुकान मालिक रजिस्ट्री को तैयार, विकास कार्यों को मिलेगी गति
Next articleचकबंदी प्रक्रिया में तेजी लाएं, भू-माफियाओं पर सख्त कार्रवाई करें – डीडीसी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here