हरिशंकरी पौधरोपण अभियान: 17 सितंबर को उत्सव के साथ रोपे जाएंगे पीपल, बरगद, पाकड़

 हरिशंकरी पौधरोपण अभियान: 17 सितंबर को उत्सव के साथ रोपे जाएंगे पीपल, बरगद, पाकड़

बस्ती।बस्ती में लोकभारती के तहत 17 सितंबर 2025 को हरिशंकरी पौधरोपण अभियान उत्सवपूर्ण ढंग से आयोजित होगा। मंडलायुक्त अखिलेश सिंह की अध्यक्षता में आयुक्त सभागार में हुई बैठक में पीपल, बरगद और पाकड़ के पौधे लगाने का संकल्प लिया गया। इस अभियान में खंड विकास अधिकारी, नगर पालिका व पंचायत के अधिशासी अधिकारी, सामाजिक संगठन, लोकभारती कार्यकर्ता और आमजन सहयोग करेंगे।

मंडलायुक्त ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए समाज के हर वर्ग का सहयोग जरूरी है। उन्होंने पीपल, बरगद और पाकड़ के धार्मिक व पर्यावरणीय महत्व पर जोर देते हुए कहा कि इन पौधों की सुरक्षा की जिम्मेदारी भी हमें लेनी होगी। वन विभाग द्वारा पौधे निःशुल्क उपलब्ध होंगे, जिनका समय पर उठान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। 

जिलाधिकारी रवीश गुप्ता ने बताया कि ये पौधे वातावरण को शुद्ध करने के साथ-साथ मानव स्वास्थ्य के लिए लाभकारी हैं। उन्होंने अभियान को औपचारिकता तक सीमित न रखकर जनभागीदारी आंदोलन बनाने पर बल दिया। कार्यक्रम का संचालन लोकभारती के राष्ट्रीय संपर्क प्रमुख कृष्ण चौधरी ने किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय संगठन मंत्री बृजेंद्र पाल सिंह, राज माता आसमां सिंह, सीडीओ सार्थक अग्रवाल, एडीएम प्रतिपाल सिंह चौहान, डीएफओ डॉ. शिरीन, एसडीएम शत्रुध्न पाठक, उप निदेशक कृषि अशोक कुमार गौतम, डीसी मनरेगा संजय शर्मा, ईओ नगरपालिका अंगद गुप्ता सहित कई अधिकारी और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Previous articleअपूर्ण भवन को जनहित में उपयोगी बनाने का निर्देश
Next articleपूर्वांचल में मेडिकल शिक्षा की नई उड़ान: संतकबीरनगर में बी फार्मा और बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई शुरू

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here