शिकायतों पर सख्ती: एसपी की निगरानी में सुधर रही पुलिस व्यवस्था
संतकबीरनगर: थानों में शिकायतों की अनदेखी और लचर जांच व्यवस्था पर एसपी संदीप कुमार मीना ने कड़ा रुख अपनाया है। जनसुनवाई और शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर फोकस करते हुए वे लापरवाह पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई कर रहे हैं। शिकायतकर्ता के असंतुष्ट होने पर जांचकर्ता दारोगा और सिपाहियों को तलब कर स्वयं समीक्षा कर रहे हैं। लापरवाही मिलने पर कार्रवाई से नहीं हिचक रहे।
जिले में तैनाती के समय तीन महीने पहले प्रतिदिन 40 से अधिक शिकायतें दर्ज होती थीं, जो 15 दिनों में 400 से अधिक हो गईं। थानों पर गंभीरता की कमी सामने आई। एसपी ने नया जन शिकायत रजिस्टर लागू कर मातहतों को सख्त निर्देश दिए। नतीजतन, शिकायतें घटकर 20-25 प्रतिदिन रह गईं।
आईजीआरएस शिकायतों में असंतुष्ट आवेदकों से एसपी स्वयं फोन पर फीडबैक ले रहे हैं। एक मामले में सिपाही की लापरवाह जांच और एसओ की बिना समीक्षा संस्तुति पर प्रारंभिक जांच शुरू हुई। खलीलाबाद में एक महिला ने छेड़खानी का आरोप लगाया, लेकिन एसपी की पूछताछ में दुकान विवाद की सच्चाई उजागर हुई। एसपी ने कहा, “आमजन की संतुष्टि प्राथमिकता है। शिथिलता बर्दाश्त नहीं होगी।” उनकी सख्ती से लापरवाह पुलिसकर्मियों की बेचैनी बढ़ गई है। व्यवस्था में सुधार और जनता का भरोसा जीतने के लिए एसपी की यह मुहिम जारी है।















