बस्ती रेंज ने मारी बाजी, जुलाई 2025 की आईजीआरएस रैंकिंग में यूपी में नंबर वन.
बस्ती। जनसुनवाई समाधान प्रणाली (आईजीआरएस) की जुलाई 2025 की प्रदेश स्तरीय रैंकिंग में बस्ती रेंज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है। यह उपलब्धि बस्ती रेंज की पुलिस व्यवस्था और जन शिकायतों के त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए परिक्षेत्रीय कार्यालय के प्रभारी आईजीआरएस निरीक्षक ब्रजेन्द्र प्रसाद पटेल और उनकी पूरी टीम को शाबाशी दी। डीआईजी ने कहा कि यह उपलब्धि कड़ी मेहनत, समर्पण और जनता की शिकायतों को गंभीरता से लेने का परिणाम है। उन्होंने टीम से इस उत्कृष्ट प्रदर्शन को बनाए रखने और जनसेवा में और बेहतर कार्य करने का आह्वान किया।
आईजीआरएस रैंकिंग में बस्ती रेंज की यह सफलता जनता के प्रति पुलिस की जवाबदेही और पारदर्शिता को रेखांकित करती है। परिक्षेत्र के थानों और अधिकारियों ने शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण में सराहनीय योगदान दिया। यह उपलब्धि न केवल बस्ती पुलिस की कार्यकुशलता को दर्शाती है, बल्कि अन्य परिक्षेत्रों के लिए भी एक मिसाल कायम करती है।
डीआईजी ने प्रभारी निरीक्षक ब्रजेन्द्र प्रसाद पटेल के नेतृत्व और उनकी टीम की मेहनत की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि आगे भी जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान और बेहतर पुलिसिंग सुनिश्चित की जाएगी। इस उपलब्धि पर बस्ती रेंज के सभी पुलिसकर्मियों और कर्मचारियों ने हर्ष व्यक्त किया है।















