रायबरेली में डीएम हर्षिता माथुर की सख्ती, सीएम डैशबोर्ड और विकास कार्यों की समीक्षा
रायबरेली। जिलाधिकारी हर्षिता माथुर की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड, विकास कार्यों, और निर्माणाधीन परियोजनाओं की जून माह की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक का उद्देश्य जनपद के हर पात्र व्यक्ति को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करना था।
डीएम ने खाद्य एवं रसद, वाणिज्य कर, समाज कल्याण, प्रोबेशन, और दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की पेंशन योजनाओं की रैंकिंग को संतोषजनक बताया। हालांकि, माध्यमिक शिक्षा सहित अन्य विभागों की रैंकिंग खराब होने पर अधिकारियों को चेतावनी दी कि दायित्व के साथ लक्ष्य पूरे करें, वरना कठोर कार्रवाई होगी।
निर्माणाधीन विकास कार्यों पर डीएम ने कार्यदायी संस्थाओं को गुणवत्ता और समय-सीमा का पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शर्तों का उल्लंघन या गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और अभियंताओं पर कार्रवाई होगी।
आईजीआरएस शिकायतों की समीक्षा में बिजली विभाग की लापरवाही पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई और तत्काल समस्याओं के निस्तारण का आदेश दिया। उन्होंने सभी अधिकारियों को प्रतिदिन सीएम डैशबोर्ड और आईजीआरएस पर प्रगति जांचने, लंबित शिकायतों का तुरंत समाधान करने, और डेटा में अंतर होने पर उच्च अधिकारियों से समन्वय कर सुधार करने के निर्देश दिए।
डीएम ने चेताया कि अगले माह सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग में जिला बेहतर स्थान हासिल करे, इसके लिए सभी विभाग लंबित शिकायतों को प्राथमिकता से हल करें। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अर्पित उपाध्याय, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अमृता सिंह, परियोजना निदेशक सतीश प्रसाद मिश्रा सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।















