डीएम कृष्णा करुणेश ने योगी के विजन को दी नई उड़ान”
गोरखपुर। तीन साल से अधिक समय तक गोरखपुर के जिलाधिकारी रहे कृष्णा करुणेश ने विकास की अमिट छाप छोड़ी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन को धरातल पर उतारते हुए उन्होंने जटिल चुनौतियों का समाधान किया और सुनहरी स्मृतियों के साथ नोएडा प्राधिकरण में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी के रूप में नई पारी शुरू की।
वेटरनरी कॉलेज, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, और गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे जैसी परियोजनाओं के लिए त्वरित भूमि अधिग्रहण उनकी बड़ी उपलब्धि रही। पीएसी महिला बटालियन, एनसीसी सेंटर, पुलिस ट्रेनिंग स्कूल, और प्रदेश के पहले वानिकी विश्वविद्यालय के लिए जमीन उपलब्ध कराकर उन्होंने विकास को गति दी। 200 एकड़ का लैंड बैंक और 94 एकड़ सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने में उनकी भूमिका सराहनीय रही।
जंगल कौड़िया-जगदीशपुर फोरलेन रिंग रोड सहित सड़क परियोजनाओं को स्वीकृति और गति प्रदान करने में भी वे अग्रणी रहे। कानून व्यवस्था में सुधार के लिए 400 से अधिक अभियुक्तों पर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई को मंजूरी देकर पुलिस का मनोबल बढ़ाया। विवादों से दूर, कर्मचारियों के बीच लोकप्रिय करुणेश ने राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों को अल्प समय में सफलतापूर्वक आयोजित कराया। उनकी यह विकास यात्रा गोरखपुर के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में अंकित रहेगी।















