विधायक अदिति सिंह ने सीएम योगी से की मुलाकात, क्षेत्र के विकास पर हुई सार्थक चर्चा.
रायबरेली। रायबरेली सदर विधानसभा क्षेत्र की विधायक अदिति सिंह ने लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री का मार्गदर्शन प्राप्त किया। भेंट में रायबरेली सदर के मंडल अध्यक्षगण—आशुतोष पाण्डेय (नगर पूर्वी), नवजीत सिंह सलूजा (नगर पश्चिमी), मंजेश सिंह (अमावां), वेद प्रकाश पाण्डेय (राही) और सुरेश मौर्य उपस्थित रहे।
मुलाकात में रायबरेली जनपद के समग्र विकास से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। बुनियादी ढांचे के विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और स्थानीय जरूरतों के समाधान पर विशेष जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने रायबरेली के सर्वांगीण विकास के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
विधायक अदिति सिंह ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा, “रायबरेली को आदर्श और विकसित विधानसभा क्षेत्र बनाने के लिए मेरा प्रयास निरंतर जारी रहेगा।”















