गोरखपुर में अपर आयुक्त अजय कुमार राय ने संभाला पदभार।
गोरखपुर: 2015 बैच के पीसीएस अधिकारी अजय कुमार राय ने गुरुवार को गोरखपुर में अपर आयुक्त के पद पर कार्यभार संभाल लिया। मंडलायुक्त अनिल ढींगरा ने उन्हें मंडलायुक्त कार्यालय में औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण कराया। नवागत अपर आयुक्त ने कहा कि शासन के निर्देशों और मंडलायुक्त द्वारा सौंपे गए दायित्वों का पालन करते हुए वे अपने न्यायालय के कार्यों को निष्पक्षता, ईमानदारी और गुण-दोष के आधार पर निपटाएंगे, ताकि वादकारियों को न्याय मिल सके।
श्री राय ने बताया कि कार्यालय में आने वाले हर फरियादी के लिए दरवाजे खुले हैं और उनकी समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने अधिवक्ताओं के साथ सामंजस्य बनाकर न्यायालय के कामकाज को सुचारु रूप से चलाने और अधिक से अधिक मुकदमों का निस्तारण करने की प्रतिबद्धता जताई। इससे पहले, वे प्रधान प्रबंधक, सहकारी चीनी मिल संघ, लखनऊ में ईमानदारी से अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे थे। इसके अलावा, उन्होंने बदायूं, लखनऊ, कानपुर देहात और नगर निगम लखनऊ में भी अपने दायित्वों को कुशलता से अंजाम दिया। श्री राय समाज कल्याण और जीएसटी विभाग में भी अपनी ईमानदार सेवा के लिए जाने जाते हैं।















