गीडा ट्रांसपोर्ट नगर की सड़कें बदहाल, गड्ढों और जलभराव से जनता त्रस्त, मरम्मत का वादा।
गोरखपुर: गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) के सेक्टर 22, ट्रांसपोर्ट नगर की सड़कों की हालत अत्यंत खराब हो चुकी है। जगह-जगह बने गड्ढों में बारिश का पानी भरने से वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गड्ढों की गहराई का अंदाजा न लगने से वाहन फंस रहे हैं, कई राहगीर गिरकर चोटिल हो चुके हैं। स्थानीय लोग और व्यापारी गीडा प्रशासन की उदासीनता से नाराज हैं, क्योंकि सड़कों की मरम्मत के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
ट्रांसपोर्ट नगर की सड़कें पहले से ही गड्ढों से भरी थीं, और बारिश के कारण अब स्थिति और भी बदतर हो गई है। पानी से भरे गड्ढों की वजह से वाहनों का संचालन जोखिमपूर्ण हो गया है। आरटीओ कार्यालय और ट्रांसपोर्ट नगर में जरूरी काम से आने वाले लोग इन गड्ढों में फंसकर परेशान हो रहे हैं।। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि खराब सड़कों से उनका व्यवसाय भी प्रभावित हो रहा है, क्योंकि ग्राहकों और मालवाहक वाहनों को आने-जाने में दिक्कत हो रही है।।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि गीडा प्रशासन को इस समस्या की पूरी जानकारी होने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की जा रही।। गीडा के विकास के दावे खोखले साबित हो रहे हैं, क्योंकि ट्रांसपोर्ट नगर जैसे व्यस्त क्षेत्र की सड़कें बदहाल हैं।। लोगों का कहना है कि सड़कों की यह स्थिति न केवल असुविधा पैदा कर रही है, बल्कि दुर्घटनाओं को भी न्योता दे रही है।। कई लोग गड्ढों में गिरकर चोटिल हो चुके हैं, और बड़े वाहनों के फंसने से जाम की स्थिति भी बन रही है।।
जूनियर इंजीनियर, गीडा, शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि ट्रांसपोर्ट नगर की सड़कों की मरम्मत के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, और जल्द ही मरम्मत का काम शुरू किया जाएगा।।















