गीडा पुलिस की संवेदना: गुमशुदा को अपनों से मिलाया।

गोरखपुर: एसएसपी राजकरन नय्यर के कुशल नेतृत्व में रात्रि गश्त ने एक बार फिर अपनी प्रभावशीलता सिद्ध की। गीडा पुलिस ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए रामपुर जिले के शहजादनगर थाना क्षेत्र के कल्याणपुर निवासी प्रेम सिंह, पुत्र स्वर्गीय रामकिशन, को उनके परिजनों से मिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। 13 मई 2025 से लापता प्रेम सिंह की तलाश में परिजनों ने दिन-रात एक कर दिए, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अंततः 19 मई को शहजादनगर थाने में उनकी गुमशुदगी दर्ज की गई। बीती रात करीब 11 बजे, पिपरौली चौकी प्रभारी संतोष सिंह अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। उनकी टीम में कांस्टेबल शिवम वर्मा और जय सिंह यादव शामिल थे। गाहासाड़ क्षेत्र में गश्त के दौरान पुलिस की नजर एक असहाय व्यक्ति पर पड़ी, जो सिर्फ अंडरवियर में भटक रहा था। उसकी हालत देखकर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की और उसे चौकी ले जाकर पूछताछ शुरू की। व्यक्ति मानसिक रूप से अस्वस्थ लग रहा था और केवल अपने थाने का नाम ही बता पाया।
पुलिस ने तुरंत सी-प्लान ऐप का उपयोग कर विभिन्न थानों और स्थानों पर संपर्क साधा। गहन जांच-पड़ताल और अथक प्रयासों के बाद प्रेम सिंह के परिजनों का पता चला। उनके भांजे रवि यादव, पुत्र लाल सिंह, को तुरंत बुलाया गया। भूख और प्यास से बेहाल प्रेम सिंह को पुलिस ने न केवल भोजन और पानी उपलब्ध कराया, बल्कि कपड़ों की भी व्यवस्था की। परिजनों ने जब प्रेम सिंह को सुरक्षित देखा, तो उनकी आंखें नम हो गईं। उन्होंने गीडा पुलिस की संवेदनशीलता, त्वरित कार्रवाई और मानवीय दृष्टिकोण की दिल से सराहना की।
पिपरौली चौकी की इस पहल ने एक गुमशुदा व्यक्ति को उसके परिवार से मिलाने के साथ-साथ एसएसपी राजकरन नय्यर की रात्रि गश्त रणनीति की सफलता को रेखांकित किया। परिजनों ने गोरखपुर पुलिस को हृदय से धन्यवाद दिया और उनकी सक्रियता को सराहा।















