मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना: संतकबीरनगर में तेजी से कार्यान्वयन
संतकबीरनगर।जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के कार्यान्वयन और अनुश्रवण के लिए डिस्ट्रीक प्रोग्राम मैनेजमेंट यूनिट डीपीएमयू व जिला बैंक समन्वयकों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त/राजस्व जय प्रकाश, मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी सहित उद्योग, बैंक और अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
उपायुक्त उद्योग राजकुमार शर्मा ने बताया कि योजना के पहले चरण में 5 लाख रुपये तक की परियोजनाओं के लिए 4 वर्षों तक 100% ब्याज मुक्त और कोलेटरल गारंटी मुक्त ऋण उपलब्ध होगा। पूर्वांचल के आवेदकों को परियोजना लागत का 10% अंशदान जमा करना होगा, जो ऋण के साथ मुक्त होगा। पात्रता के लिए आयु 21-40 वर्ष, न्यूनतम 8वीं कक्षा उत्तीर्ण और विश्वकर्मा श्रम सम्मान, ओडीओपी, कौशल विकास मिशन, आईटीआई, पॉलीटेक्निक या खादी ग्रामोद्योग प्रशिक्षण अनिवार्य है। आवेदन केवल ऑनलाइन पोर्टल (cm-yuvaudyami.up.gov.in या up.gov.in) पर स्वीकार किए जा रहे हैं। जिले का लक्ष्य 1700 आवेदन निर्धारित किया गया है।
मुख्य विकास अधिकारी ने उपायुक्त उद्योग और संबंधित विभागों को लक्ष्य के अनुरूप आवेदन भरवाने और बैंकों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को प्रगति सुनिश्चित करने और बैंकों को लंबित आवेदनों का त्वरित निस्तारण करने को कहा। अग्रणी जिला प्रबन्धक पवन कुमार सिन्हा को बैंकों के साथ समन्वय कर ऋण स्वीकृति और वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने निवेशकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए उपायुक्त उद्योग और उद्यमी मित्र को प्राथमिकता पर कार्य करने को कहा। बैठक में निवेश के अवसरों और समस्याओं पर भी चर्चा हुई, ताकि जिले में उद्यमिता को बढ़ावा मिले।
बैठक में उदय नारायण प्रधानाचार्य, आईटीआई, मेंहदावल, विशाल कुमार सिंह निदेशक आरसेटी, नूर मोहम्मद ,डीसी, एसबीआई प्रमोद कुमार गुप्ता ,अधिशासी अभियंता, विद्युत, राजेश कुमार , मनोज कुमार श्रम प्रवर्तन अधिकारी मौजूद रहे।सभी जिला बैंक समन्वयक और निवेशक मौजूद रहे।













