गोरखपुर में बारिश का कहर: किसानों की फसल बर्बाद।
आसमान बारिश ने मचाई तबाही: गोरखपुर के किसानों की मेहनत पर फिरा पानी, फसल बचाने की जद्दोजहद जारी
गोरखपुर
गोरखपुर में बीती रात से हो रही बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। लगातार बारिश के कारण खेतों में जलजमाव की स्थिति बन गई है, जिससे गेहूं की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। जिन किसानों ने अभी तक अपनी फसल नहीं काटी थी, उनकी खड़ी फसल पानी में डूब गई, वहीं कई ने काटकर खेतों में रखी फसल को अगले दिन उठाने की योजना बनाई थी, लेकिन बारिश ने उनके अरमानों पर पानी फेर दिया। नौसड़ और पिपरी बाघागाड़ा जैसे क्षेत्रों में भी यही हाल देखने को मिला, जहां फसलें भीगने से बर्बादी की कगार पर पहुंच गईं।
बारिश से परेशान किसान अपनी मेहनत को बचाने के लिए हर संभव कोशिश कर रहे हैं। कोई अपनी फसल को प्लास्टिक से ढक रहा है तो कोई उसे सूखने की जुगत में लगा है। खेतों में पानी भरने से गेहूं के दाने काले पड़ने और सड़ने का खतरा मंडरा रहा है, जिससे उत्पादन में भारी कमी की आशंका है। नौसड़ के एक किसान ने बताया, “हमने सोचा था कि सुबह फसल उठा लेंगे, लेकिन रात की बारिश ने सब चौपट कर दिया।” इसी तरह, पिपरी, नेवास ,बाघागाड़ा में किसानों का कहना है कि जलजमाव के कारण फसल निकालना मुश्किल हो गया है।
कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि यदि जल्दी पानी की निकासी नहीं हुई तो नुकसान और बढ़ सकता है। किसानों की इस आपदा ने उनकी आर्थिक स्थिति पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय प्रशासन से मांग उठ रही है कि प्रभावित किसानों के नुकसान का आकलन कर उन्हें सहायता दी जाए। फिलहाल, बारिश थमने की उम्मीद के साथ किसान अपनी फसल बचाने में जुटे हैं, लेकिन मौसम की मार ने उनकी मुश्किलें कई गुना बढ़ा दी हैं।















