त्योहारों की तैयारियां जोरों पर: DIG बस्ती दिनेश कुमार पी ने रेंज के पुलिस अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, कानून व्यवस्था और शांति सुनिश्चित करने पर जोर।
बस्ती ।
बस्ती में आगामी त्योहारों राम नवमी और ईद-उल-फितर को सकुशल संपन्न कराने, अपराधों की रोकथाम और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) बस्ती परिक्षेत्र दिनेश कुमार पी ने 25 मार्च 2025 की रात गूगल मीट के जरिए रेंज के तीनों जनपदों के पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी और बीट पुलिस अधिकारियों के साथ विस्तृत गोष्ठी की। इस दौरान उन्होंने त्योहारों और जुलूसों के लिए पुलिस बल की तैनाती, संवेदनशील स्थलों का भ्रमण, धर्म गुरुओं व पीस कमेटी के साथ बैठक, भीड़ प्रबंधन, मिश्रित आबादी में ड्रोन निगरानी और विगत 10 वर्षों के त्योहार रजिस्टर के अध्ययन जैसे 22 सूत्री आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
DIG ने जुलूसों की सूची तैयार करने, दंगा निरोधक उपकरणों के साथ QRT टीम गठित करने, फ्लैग मार्च, मेलों में सुरक्षा, वीडियोग्राफी, ड्रोन उपयोग और डीजे संचालकों को एडवायजरी जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही मंदिर-मस्जिद विवादों का समाधान, सूअर पालकों व नगर पालिका से समन्वय, अलविदा और ईद की नमाज के लिए विशेष प्रबंध, यातायात डायवर्जन, अभिसूचना संकलन, फुट पेट्रोलिंग, PRV 112 की सक्रियता और भारत-नेपाल सीमा पर कड़ी निगरानी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने गैर-परंपरागत जुलूसों पर रोक, रिजर्व फोर्स तैयार रखने और पुराने अनसुलझे मामलों की पुनः जांच के भी निर्देश दिए, ताकि त्योहारों के दौरान शांति और सुरक्षा बनी रहे।















