व्यापारी हत्याकांड का खुलासा: बेटे और मां गिरफ्तार, पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज, 20 हजार का इनाम घोषित।
संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने शुगर मिल रोड स्थित ओपन जिम के पास व्यापारी मुन्ना लाल मौर्य की पीट-पीटकर हत्या के सनसनीखेज मामले का पर्दाफाश कर दिया। मुख्य आरोपी सिरीश और उसकी मां उर्मिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डंडा और बेल्ट बरामद किए गए। इस मामले में लापरवाही बरतने पर गोला चौकी इंचार्ज समेत चार पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया। वहीं, पुलिस टीम को 20 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की गई।
एसपी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि बुधवार रात करीब 9 बजे रेलवे स्टेशन के पास शराब ठेके पर शराब के नशे में गाड़ी साइड करने को लेकर मुन्ना लाल मौर्य (22) और सिरीश के बीच विवाद हुआ। हाथापाई और गाली-गलौज के बाद सिरीश ने अपने परिवार को फोन कर बुलाया। इसके बाद उसने डंडे और बेल्ट से, जबकि उसकी मां उर्मिला ने लात-घूसों से मुन्ना लाल पर हमला किया। गंभीर रूप से घायल मुन्ना लाल को पहले जिला अस्पताल, फिर मेडिकल कॉलेज गोरखपुर ले जाया गया, जहां गुरुवार तड़के उसकी मौत हो गई। पीड़ित पिता प्रहलाद मौर्य की तहरीर पर सिरीश सहित 16 अज्ञात लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस ने चार टीमों के साथ तफ्तीश शुरू की और शुक्रवार को मुख्य आरोपी सिरीश व उसकी मां को धर दबोचा। पूछताछ में सिरीश के भाई संतोष का नाम भी सामने आया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। बरामद डंडा और रेक्सीन का बेल्ट आला कत्ल के रूप में पुष्टि हुए। एसपी ने बताया कि सिरीश का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। वर्ष 2021 में उसके खिलाफ बलवा और हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज था।
पुलिस पर कार्रवाई:
घटना में लापरवाही के चलते गोला चौकी इंचार्ज शैलेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल अनिल कुमार, नूरुद्दीन और कांस्टेबल जनार्दन को लाइन हाजिर कर दिया गया। साथ ही, जीआरपी चौकी खलीलाबाद के एक सिपाही की संदिग्ध भूमिका की जांच के बाद कार्रवाई के लिए एसपी जीआरपी गोरखपुर को पत्र भेजा जाएगा।
टीम को इनाम:
मामले का खुलासा करने वाली टीम, जिसमें कोतवाल पंकज कुमार पांडेय, चौकी इंचार्ज बरदहिया ललितकांत यादव, सिपाही विशाल सिंह, आदित्य सिंह, महिला सिपाही पिंकी कुमारी और हेड कांस्टेबल चालक अंतर्यामी त्रिपाठी शामिल थे, की सराहना करते हुए एसपी ने 20 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की। इस दौरान एएसपी सुशील कुमार सिंह और सीओ सदर अजीत चौहान मौजूद रहे।















