होली और रमजान से पहले फूड विभाग का बड़ा एक्शन।

होली और रमजान से पहले फूड विभाग का बड़ा एक्शन
मिलावटी जीरे की 20 बोरी जब्त, 5 लाख का सामान पकड़ा”
गोरखपुर। होली, रमजान और ईद के त्योहारों को देखते हुए आम लोगों को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। सहायक आयुक्त (खाद्य) डॉ. सुधीर कुमार सिंह और मुख्य सुरक्षा अधिकारी हितेंद्र मोहन त्रिपाठी के नेतृत्व में विभाग की टीम ने मुखबिर की सूचना पर राजघाट थाना क्षेत्र के हॉवर्ड बंधे के पास से मिलावटी जीरा और बादाम से लदी एक गाड़ी पकड़ी। गाड़ी में करीब 5 लाख रुपये मूल्य का सामान था, जिसमें 20 बोरी जीरा (40 किलो प्रति बोरी) शामिल था। प्रारंभिक जांच में जीरे में मिलावट की आशंका जताई गई, जिसके बाद नमूने संग्रहित कर प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे गए हैं।
डॉ. सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विशेष टीम गठित की गई है। मुखबिर से सूचना मिली थी कि साहबगंज मंडी में मिलावटी जीरा और बादाम की खेप लाई जा रही है। टीम ने तुरंत घेराबंदी कर गाड़ी को रोका और जांच की। जांच में जीरे के पैकेट पर 150 रुपये मूल्य अंकित था, लेकिन उसमें सौंफ के बीज, लकड़ी के टुकड़े और मिट्टी की मिलावट पाई गई, जो स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक है। सामान को जब्त कर लिया गया और नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं।
गाड़ी में बादाम भी था, जिसके मालिक वर्मा किराना स्टोर ने इसे अपना बताया। बादाम के सैंपल भी जांच के लिए लिए गए हैं, जबकि जीरे का मालिक अभी सामने नहीं आया है। बिल और वाउचर जब्त कर लिए गए हैं और मामले में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
डॉ. सिंह ने चेतावनी दी कि मिलावट करने वाले कारोबारियों पर सख्ती बरती जाएगी। बार-बार मिलावट करते पाए जाने पर उनका लाइसेंस स्थायी रूप से रद्द कर दिया जाएगा। साथ ही, उनके और उनके परिवार के किसी भी सदस्य को भविष्य में लाइसेंस नहीं दिया जाएगा। ऐसे कारोबारियों के नाम अखबारों में प्रकाशित कर जनता को भी सतर्क किया जाएगा।
Previous articleडीआईजी ने की मासिक अपराध समीक्षा, होली त्यौहार के लिए दिए खास निर्देश।
Next articleरंगदारी और फायरिंग के पांच आरोपी धराए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here