“शादी की रौनक पर आग का साया: बारातियों की कार जलकर खाक”
बस्ती। शादी की खुशियों के बीच एक दर्दनाक हादसा उस वक्त हुआ, जब लालगंज थाना क्षेत्र में बारात से लौट रही एक कार अचानक आग का शिकार हो गई। पलक झपकते ही कार लपटों में घिर गई और आग का गोला बन गई। कार में सवार बारातियों ने कूदकर अपनी जान बचाई, वरना बड़ा हादसा टलना मुश्किल था।
जानकारी के अनुसार, अनुपाखोर गांव के दुर्गेश चौधरी अपनी टाटा पंच कार से कुछ दोस्तों के साथ डेफरी गांव में अपने मित्र की शादी में शामिल होने गए थे। देर रात समारोह से लौटते वक्त डेफरी गांव के बाहर उनकी कार से धुआँ उठने लगा। इससे पहले कि कोई संभल पाता, आग ने भयानक रूप ले लिया और कार धू-धू कर जलने लगी। कार सवारों ने फौरन कूदकर जान बचाई और मदद के लिए शोर मचाया।
स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। सूचना पर डायल 112 और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुँची। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक दो साल पुरानी टाटा पंच कार पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। पुलिस ने घटना की जाँच शुरू कर दी है, ताकि आग लगने के कारणों का पता लगाया जा सके।















