हादसे में घायल कर्मी की केजीएमयू में उपचार के दौरान मौत।
संतकबीरनगर।
चार दिन पूर्व रैना पेपर मिल गेट के सामने हुए हादसे में घायल कर्मी की केजीएमयू लखनऊ में उपचार के दौरान मौत हो गई। इस मामले में पीड़ित बेटे ने रविवार को बाइक चालक के खिलाफ दुर्घटना का केस कोतवाली में दर्ज कराया।
सिद्धार्थनगर जिले के बांसी कोतवाली क्षेत्र के हरैया नानकार निवासी उत्कर्ष त्रिपाठी का परिवार वर्तमान में कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के भैंसहिया में रहता है। उत्कर्ष त्रिपाठी का आरोप है कि उसके पिता लालता प्रसाद तिवारी एक जनवरी 2025 को शाम साढ़े आठ बजे ड्यूटी के लिए रैना पेपर बोर्ड इंडस्ट्रीज जा रहे थे। आरोप है कि बाइक चालक ने तीव्र गति से वाहन चलाते हुए मिल गेट के सामने उसके पिता को टक्कर मार दिया। जिससे उसके पिता को सिर, सीने और शरीर के कई अंगों में गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना में आई चोटों की वजह से तीन जनवरी को केजीएमयू के ट्रामा सेंटर में पिता की मौत हो गई। उक्त घटना को उनके अलावा तमाम लोगों ने देखा। एसएसआई राजेश दूबे ने बताया कि उक्त बाइक चालक नाम पता अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।















