पोस्टर लगाने खंभे पर चढ़े युवक की गिर कर मौत।
-बस्ती जिले के मुंडेरवा क्षेत्र के बघाड़ी गांव का निवासी था युवक
-खलीलाबाद की रहने वाली सोनी से किया था प्रेम विवाह
-कांशीराम आवास में पत्नी और तीन बच्चों के साथ रहता था
-एचआरपीजी कॉलेज के पास रात में घटी घटना
-पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा
————————————————————-
संतकबीरनगर।
कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के एचआरपीजी कॉलेज के पास रविवार की रात खंभे पर चढ़ कर विज्ञापन का पोस्टर लगाते दौरान पैर फिसलने से गिर कर एक युवक की मौत हो गई। वह बस्ती जिले के मुंडेरवा क्षेत्र के बघाड़ी गांव का निवासी था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। घटना से पीड़ित पत्नी और बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल था।
बस्ती जनपद के मुंडेरवा क्षेत्र के बघाड़ी गांव निवासी अतुल कुमार शुक्ला पुत्र जितेंद्र शुक्ला मान्यवर कांशीराम शहरी आवास खलीलाबाद में पत्नी और तीन बच्चों के साथ रहते थे। एचआरपीजी कॉलेज के पास रविवार की रात विज्ञापन का पोस्टर लगाने गए थे। वह रात करीब 11 बजे खंभे पर चढ़ कर पोस्टर लगा रहे थे। उसी दौरान पैर फिसल जाने से अतुल नीचे गिर कर घायल हो गए। सूचना पर पुलिस पहुंच गई और घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। उपचार के दौरान रात में ही अतुल की मौत हो गई। पोस्टमार्टम हाउस आए खलीलाबाद निवासी अब्दुल हमीद ने बताया कि अतुल कुमार शुक्ला और उसके साढ़ू सलीम की बेटी सोनी आपस में प्रेम करते थे। सामूहिक विवाह योजना में दोनों ने शादी कर ली थी। दोनों साथ-साथ कांशीराम आवास में रहते थे। उनके तीन बच्चे हैं। जिसमें बेटी सोनम (07), बेटा आशिफ (5) और तीन माह का मासूम बच्चा है। पोस्टर लगाते दौरान पोल से गिर जाने से अतुल की मौत हो गई। घटना की सूचना अतुल के परिजनों को दी गई, लेकिन कोई नहीं आया। कोतवाल सतीश सिंह ने बताया कि अतुल कुमार शुक्ला के घर वालों को सूचना दी गई थी लेकिन घर वालों ने बताया कि उन लोगों से अतुल कुमार का कोई वास्ता नहीं है। अतुल के ससुराल वालों के माध्यम से पंचायत नामा कर शव को पोस्टमार्टम हाउस भेजा गया।















