धनघटा क्षेत्र में धूमधाम से मनाया गया शिक्षक दिवस।
संत कबीर नगर ।धनघटा।
धनघटा क्षेत्र में गुरुवार को विभिन्न विद्यालयों में धूम धाम से शिक्षक दिवस मनाया गया। रामेश्वर प्रसाद मौर्य स्मारक इंटर कालेज व बिंदु देवी मेमोरियल एकेडमी ठकुराडाड़ी धनघटा में प्रबंधक रविन्द्र प्रकाश मौर्य ने जिला विद्यालय निरीक्षक हरिश्चंद्र नाथ को अंग वस्त्र व प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने जीवन में शिक्षक की महत्ता पर प्रकाश डाला। इस दौरान विद्यालय परिसर में जिला विद्यालय निरीक्षक ने पौधारोपण किया। विद्यालय के सह प्रबंधक नृपेंद्र प्रताप मौर्य आदि लोग मौजूद रहे। स्वामी विवेकानंद इंटर कालेज धनघटा मे शिक्षक दिवस धूमधाम से मनाया गया। छात्र छात्राओं ने संस्थान को बहुत ही आकर्षक तरीके से सजाया। सर्वप्रथम छात्रों ने संस्थान के डायरेक्टर उत्तमचन्द चौधरी को फूल का गुलदस्ता देकर स्वागत गान गाकर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि गुरु शिष्य का रिश्ता प्राचीनकाल से चल रहा है और आज भी यह कायम है। उन्होंने शिक्षक दिवस की महत्ता एवं गुरु शिष्य के रिश्तों का व्याख्यान किया। कहा कि छात्रों के भविष्य को उज्जवल बनाना संस्थान का उद्देश्य है। मौजूद छात्र छात्राओं ने गुरु शिष्य के परंपरा को निभाने और एक अच्छे शिक्षक की तरह छात्रों ने प्रण किया कि वो अपने आस पास रहने वाले अशिक्षित, भटके हुए छात्रों को सही राह दिखाने एवं एक अच्छे इंसान बनने की प्रेरणा देंगे। उन्होंने कहा कि वैसे तो शिक्षक दिवस सभी देशों में अलग अलग तिथि को मनाया जाता है, लेकिन भारत में पांच सितंबर डा सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्म के अवसर पर मनाया जाता है। जो एक शिक्षक होते हुए भारत के प्रथम उप राष्ट्रपति एवं द्वितीय राष्ट्रपति भी थे।















