संत कबीर नगर। कोतवाली क्षेत्र के जिगिना गांव में रविवार की सुबह शौचालय के गड्ढे में गिरने से दो सगे भाइयों की डूबकर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्यवाही शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार जिगिना गांव निवासी दिवाकर का छोटा बेटा शुभम नौ वर्ष गांव में खेल रहा था। उसी दौरान वह शौच के लिए गांव के बाहर चला गया।
जहां पर गांव के बाहर हाईवे के निकट एक व्यक्ति के जरिए मकान बनवाया जा रहा है। जिसके लिए शौचालय का गड्ढा खोदा गया था। बारिश होने की वजह से उस गड्ढे में पानी भरा था। जिसकी वजह से निर्माण कार्य बंद था। शुभम पानी के लिए शौचालय के लिए खोदे गए गड्ढे के पास चला गया और पानी लेने के लिए झुका तो उसका पैर फिसल गया और पानी में गिर गया।
जिससे वह डूबने लगा। उसने शोर मचाया तो उसे बचाने उसका बड़ा भाई सत्यम 11 साल पहुंच गया और उसने गड्ढे में उसका हाथ पकड़ने की कोशिश की। उस दौरान वह भी गड्ढे में फिसल गया। दोनों गड्ढे में डूब गए। आस पास लोगों ने देखा तो दौड़े और दोनों को गड्ढे से बाहर निकाला। उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे जहां पर चिकित्सकों ने देखते ही मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पुलिस पहुंच गई और दोनों के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। तहसीलदार जनार्दन ने बताया कि दोनों बच्चों की डूबने से मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। एक साथ दो सगे भाईयों की मौत से गांव में मातम छा गया। हर कोई परिवार को सांत्वना दे रहा था।















