संदिग्ध हाल में युवक की मौत
पिपरौली। गीडा थाना क्षेत्र के नेवास गांव में शुक्रवार की रात एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस में मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
नेवास गांव के रहने वाले संजय पुत्र राममिलन 35 वर्ष वेल्डिंग का कार्य करते है। प्रतिदिन की तरह वह शुक्रवार की शाम घर आए। खाना खाने के बाद वह सो गए। संजय को सुबह पिता राममिलन ने जगाया तो वह नहीं उठा। उसके बाद आस-पास के लोग आ गए। लोगों ने देखा की उसकी मौत हो चुकी है। इसके बाद मायके गई पत्नी सुमन को सूचना दिया। सुमन अपने दो बच्चों के साथ घर लौट आई। इसके बाद चीख पुकार मच गया। संजय के भाई ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
पिपरौली चौकी इंचार्ज विरेंद्र बहादुर सिंह पहुंचे और उन्होंने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चौकी इंचार्ज ने बताया कि मामला संदिग्ध है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है, हालांकि अभी तक इस मामले में कोई तहरीर नहीं है।















