शिक्षक-अभिभावक सम्मेलन में दिखी बच्चों की प्रतिभा, मेधावियों को मिला सम्मान
सूर्या सीनियर सेकेंड्री स्कूल में अर्धवार्षिक परीक्षा के बाद हुआ आयोजन, अभिभावकों ने शिक्षकों से जानी बच्चों की शैक्षणिक प्रगति
संतकबीरनगर। सूर्या सीनियर सेकेंड्री स्कूल में शनिवार को शिक्षक-अभिभावक सम्मेलन का आयोजन किया गया। अर्धवार्षिक परीक्षा के बाद आयोजित सम्मेलन में बड़ी संख्या में अभिभावकों ने पहुंचकर अपने बच्चों की शैक्षणिक प्रगति की जानकारी ली। विद्यार्थियों की रिपोर्ट और परीक्षा परिणाम देखकर अभिभावक संतुष्ट नजर आए। इस दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को गिफ्ट कूपन देकर सम्मानित किया गया।
सम्मेलन में अभिभावकों ने शिक्षकों से संवाद कर बच्चों की पढ़ाई, उनकी उपलब्धियों और शैक्षणिक कमजोरियों पर चर्चा की। साथ ही विद्यार्थियों की प्रतिभा को और निखारने के लिए जरूरी सुझाव भी साझा किए। सूर्या ग्रुप के चेयरमैन डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर सविता चतुर्वेदी और प्रधानाचार्य रविनेश श्रीवास्तव के साथ विभिन्न कक्षाओं के लिए बनाए गए काउंटरों पर पहुंचकर विद्यार्थियों के प्रदर्शन की जानकारी ली। उन्होंने अभिभावकों से बातचीत कर शिक्षण व्यवस्था के संबंध में उनका फीडबैक भी जाना।
इस अवसर पर चेयरमैन डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में शिक्षक और अभिभावक दोनों की भूमिका महत्वपूर्ण है। बेहतर शैक्षणिक परिणाम के लिए दोनों के बीच निरंतर संवाद और आपसी समन्वय जरूरी है। शिक्षक-अभिभावक सम्मेलन इसी दिशा में एक सार्थक पहल है। उन्होंने कहा कि विद्यालय प्रबंधन बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने और उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर सविता चतुर्वेदी ने अभिभावकों से विद्यालय के साथ सक्रिय सहभागिता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि बच्चों को शैक्षणिक रूप से मजबूत बनाने के साथ उनके सामाजिक और मानसिक विकास पर भी ध्यान देना जरूरी है। विद्यालय और अभिभावकों के साझा प्रयास से ही विद्यार्थियों की क्षमताओं को बेहतर दिशा दी जा सकती है।
कार्यक्रम में उप प्रधानाचार्य शरद त्रिपाठी, नितेश द्विवेदी, आशुतोष पांडेय, आरती चौधरी सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।















