विकास भवन में सीडीओ की छापेमारी, 30 अधिकारी-कर्मचारी मिले गैरहाजिर
जिला पूर्ति अधिकारी समेत कई विभागों के जिम्मेदार भी समय पर नहीं पहुंचे कार्यालय, एक दिन का वेतन बाधित करने का निर्देश
सभी अनुपस्थित अधिकारियों-कर्मचारियों से मांगा स्पष्टीकरण, सीडीओ ने दी कार्रवाई की चेतावनी
गोरखपुर। सरकारी कार्यालयों में समय से उपस्थिति सुनिश्चित कराने और जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण को लेकर प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। शनिवार को मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक कुमार ने विकास भवन स्थित विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कुल 30 अधिकारी और कर्मचारी निर्धारित समय पर अपने कार्यालयों में अनुपस्थित मिले। इनमें जिला पूर्ति अधिकारी समेत कई विभागों के अधिकारी भी शामिल हैं। सीडीओ ने सभी अनुपस्थित अधिकारियों-कर्मचारियों का एक दिन का वेतन बाधित करने और उनसे स्पष्टीकरण तलब करने का निर्देश दिया।
औचक निरीक्षण के दौरान जिला पूर्ति अधिकारी, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी और ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिशासी अभियंता समेत विभिन्न कार्यालयों के अधिकारी-कर्मचारी समय से उपस्थित नहीं मिले। एक साथ इतनी बड़ी संख्या में अनुपस्थिति मिलने पर सीडीओ ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए।
सीडीओ ने कहा कि सरकारी कार्यालयों में समय से उपस्थिति प्रशासनिक जिम्मेदारी का अहम हिस्सा है। अधिकारी और कर्मचारी समय से कार्यालय पहुंचें और अपने अधीनस्थ कर्मचारियों की उपस्थिति भी सुनिश्चित कराएं। शासन की प्राथमिकता के अनुरूप आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाना चाहिए।
उन्होंने निर्देश दिया कि कार्यालयों में आने वाले फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना जाए और उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए। शिकायतों का निर्धारित समय में निस्तारण करने के साथ ही विभागीय कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।
सीडीओ ने स्पष्ट चेतावनी दी कि शासकीय कार्यों में अनुशासनहीनता और समय से उपस्थिति को लेकर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण में अनुपस्थित मिले सभी 30 अधिकारी-कर्मचारियों से स्पष्टीकरण लेकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।















