अपराधियों पर शिकंजा कसने वाले जयप्रकाश दुबे को भावभीनी विदाई, उपलब्धियों की हुई सराहना
तीन हत्याओं का 24 घंटे में खुलासा, चार करोड़ का गांजा बरामद और 19 करोड़ की जीएसटी चोरी का पर्दाफाश कर बनाई अलग पहचान
सीओ अभय मिश्रा, एएसपी सुशील कुमार सिंह और नवागत कोतवाल ज्ञानेंद्र कुमार राय समेत अधिकारियों, पत्रकारों और गणमान्य लोगों ने दी विदाई
संतकबीरनगर। हंसमुख स्वभाव, मृदुल व्यवहार और साहसिक कार्यशैली के साथ अपराधियों पर सख्ती बरतने वाले कोतवाली खलीलाबाद के प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश दुबे के गोंडा स्थानांतरण पर विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद अभय मिश्रा, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह, नवागत कोतवाली प्रभारी ज्ञानेंद्र कुमार राय समेत पुलिस अधिकारी, कर्मचारी, पत्रकार बंधु और क्षेत्र के तमाम गणमान्य लोग एवं आमजन शामिल हुए। इस दौरान वक्ताओं ने जयप्रकाश दुबे के कार्यकाल की उपलब्धियों को याद करते हुए उनके कार्यों, व्यवहार और कर्तव्यनिष्ठा की जमकर सराहना की। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए भावभीनी विदाई दी।
समारोह में वक्ताओं ने कहा कि जयप्रकाश दुबे ने अपने कार्यकाल में जिस साहस, सूझबूझ और समर्पण के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन किया, वह सराहनीय है। उनका हंसमुख स्वभाव और लोगों से सहजता से मिलने का तरीका उन्हें अलग पहचान देता है। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों और कार्य के दबाव के बीच भी तनावमुक्त रहकर बेहतर परिणाम देना उनकी कार्यशैली की विशेषता रही। उन्होंने जहां आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना, वहीं अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने में भी पीछे नहीं रहे।
24 घंटे में तीन हत्याओं का खुलासा कर बटोरी प्रशंसा
जयप्रकाश दुबे के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस की प्रमुख उपलब्धियों का भी समारोह में उल्लेख किया गया। 11 फरवरी 2026 से अब तक तीन जघन्य हत्याओं का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करना पुलिस की बड़ी उपलब्धि रही। इन मामलों में उत्कृष्ट कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक की ओर से पुलिस टीम को अलग-अलग 25-25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार भी दिया गया।
अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई में करीब चार करोड़ रुपये मूल्य का गांजा बरामद किया गया। अवैध पोस्ता की खेती के खिलाफ करीब 85 लाख रुपये मूल्य के पौधों की बरामदगी की गई। चोरी और नकबजनी के 12 में से नौ तथा वाहन चोरी के 22 में से 19 मामलों का खुलासा किया गया। करीब 50 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण बरामद करना भी महत्वपूर्ण उपलब्धि रही।
19 करोड़ की जीएसटी चोरी का पर्दाफाश, साइबर पीड़ितों को राहत
कोतवाली पुलिस ने अंतरराज्यीय स्तर पर करीब 19 करोड़ रुपये की जीएसटी चोरी का पर्दाफाश कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई पर पुलिस टीम को 50 हजार रुपये का नकद पुरस्कार मिला। साइबर ठगी के मामलों में भी करीब एक करोड़ रुपये की धनराशि पीड़ितों को वापस कराने, होल्ड कराने अथवा रिकवर कराने की कार्रवाई की गई। अवैध असलहों के खिलाफ अभियान में 21 अवैध शस्त्र और 15 चाकू बरामद किए गए।
ऑपरेशन कनविक्शन और ऑपरेशन शिकंजा के तहत अभियोजन विभाग के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित कर 136 मुकदमों में 226 आरोपियों को सजा दिलाई गई। इसके अलावा अपराधियों के खिलाफ गुंडा एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, एनएसए और हिस्ट्रीशीट जैसी निरोधात्मक कार्रवाई भी की गई।
विदाई समारोह में मौजूद लोगों ने कहा कि जयप्रकाश दुबे ने अपने कार्यों से पुलिस विभाग की जिम्मेदारियों के साथ मानवीय व्यवहार का भी बेहतर उदाहरण प्रस्तुत किया है। उनका सहज व्यक्तित्व और कर्तव्य के प्रति समर्पण लंबे समय तक याद रखा जाएगा। गोंडा में नई जिम्मेदारी के लिए सभी ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।















