11 दिन में एक भी फॉर्म नहीं भरा, डीएम ने बीएलओ को लगाई फटकार
हर बीएलओ को 100 नए मतदाताओं का लक्ष्य, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
18 साल पूरे कर चुके विद्यार्थियों का भी बनेगा वोटर कार्ड, प्रधानाचार्यों को निर्देश
गोरखपुर। मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं होगी। प्रत्येक बीएलओ घर-घर जाकर पात्र मतदाताओं को चिह्नित करे और उनका फॉर्म-6 भरवाकर नाम सूची में शामिल कराए। हर बीएलओ कम से कम 100 नए मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित करे। 11 दिन में एक भी फॉर्म नहीं भरने वाले बीएलओ की कार्यशैली गंभीर लापरवाही है। किसी पात्र मतदाता का नाम छूटने पर संबंधित बीएलओ की जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाएगी। यह सख्त निर्देश जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक मीणा ने शनिवार को बूथों के निरीक्षण के दौरान दिए।
डीएम ने सेंट एंड्रयूज कॉलेज, डीबी इंटर कॉलेज और मड़वाड़ इंटर कॉलेज समेत विभिन्न बूथों पर पहुंचकर पुनरीक्षण कार्य की प्रगति जांची। उन्होंने बीएलओ से नए मतदाताओं के पंजीकरण और घर-घर संपर्क की जानकारी ली। कम प्रगति मिलने पर नाराजगी जताते हुए काम में तेजी लाने की हिदायत दी।
उन्होंने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवक-युवतियों का नाम प्राथमिकता से मतदाता सूची में जोड़ा जाए। किराएदारों के बदलने पर नए निवासियों की पात्रता का सत्यापन कर नाम दर्ज कराया जाए। डुप्लीकेट आवेदन न भरें और छूटे हुए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने की कार्रवाई करें। यदि कोई व्यक्ति फॉर्म भरने में असमर्थ है तो बीएलओ स्वयं उसकी मदद करें।
प्रधानाचार्यों को भी सौंपी जिम्मेदारी
डीएम ने विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके छात्र-छात्राओं को चिह्नित कर उनका फॉर्म-6 भरवाने के निर्देश दिए। वहीं, सुपरवाइजरों और लेखपालों को बीएलओ के कार्यों की नियमित निगरानी करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन कार्य में बहानेबाजी नहीं चलेगी और लापरवाही पर कार्रवाई तय है।
निरीक्षण के दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/एसीएम द्वितीय मुकुल खंडेलवाल, ईआरओ/एडीएम सदर ज्ञान प्रताप सिंह और ईआरओ/एसीएम प्रथम पवन कुमार जायसवाल मौजूद रहे।















