साइबर अपराध और लंबित विवेचनाओं पर डीआईजी सख्त, समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश
बस्ती परिक्षेत्र के एएसपी और सीओ के साथ की समीक्षा बैठक, साइबर ठगी के पीड़ितों की धनराशि वापस कराने पर जोर
बस्ती। साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और लंबित मामलों के निस्तारण में तेजी लाने के लिए पुलिस उपमहानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी ने सोमवार को परिक्षेत्रीय कार्यालय के सभागार में समीक्षा बैठक की। इसमें बस्ती परिक्षेत्र के तीनों जिलों के अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी शामिल हुए। डीआईजी ने साइबर अपराधों की रोकथाम, शिकायतों के निस्तारण, लंबित विवेचनाओं और जनशिकायतों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में डीआईजी ने एमआरएम एवं जीआरएम, एनसीआरपी पोर्टल, होल्ड अमाउंट और रिफंड अमाउंट की समीक्षा की। उन्होंने साइबर अपराध के पीड़ितों की अधिक से अधिक धनराशि वापस कराने के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने तथा लंबित प्रार्थना पत्रों को निर्धारित समयसीमा में निपटाने पर जोर दिया। संपत्ति संबंधी अपराधों का सफल अनावरण कराने और अभियोगों में समय से यक्ष ऐप पर एसआईडी जनरेट करने के भी निर्देश दिए।
डीआईजी ने अपराध रजिस्टर में सभी आवश्यक प्रविष्टियां अद्यतन रखने, यक्ष पोर्टल पर बीट से संबंधित सभी 21 प्रकार की सूचनाएं दर्ज कराने तथा उन पर समय से टिप्पणी और कार्रवाई अंकित करने को कहा। विभागीय एवं प्रारंभिक जांच के साथ जनशिकायतों का भी गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।















