डीआईजी संजीव त्यागी ने फहराया पुलिस ध्वज, जवानों को सुनाया डीजीपी का संदेश
पुलिस झंडा दिवस पर पुलिस की गौरवशाली परंपरा, शौर्य और कर्तव्यनिष्ठा को किया याद
बस्ती। उत्तर प्रदेश पुलिस झंडा दिवस के अवसर पर रविवार को पुलिस उपमहानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी ने परिक्षेत्रीय कार्यालय परिसर में ससम्मान पुलिस ध्वज फहराया। इस दौरान उन्होंने पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश राजीव कृष्ण का संदेश पढ़कर उपस्थित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सुनाया।
डीआईजी संजीव त्यागी ने पुलिस ध्वज के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि 23 नवंबर 1952 को तत्कालीन प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने उत्तर प्रदेश पुलिस को पुलिस ध्वज प्रदान किया था। यह ध्वज पुलिस बल की गौरवशाली परंपरा, कर्तव्यनिष्ठा, शौर्य, अनुशासन और सेवा भावना का प्रतीक है।
कार्यक्रम में बस्ती परिक्षेत्र के तीनों जनपदों के अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी तथा परिक्षेत्रीय कार्यालय के सभी शाखा प्रभारी, अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।















