तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से हाथी की मौत, महावत समेत दो घायल
शादी समारोह से गांव लौट रहा था हाथी, बेलीपार के हाटा में हुआ हादसा; चालक वाहन लेकर फरार
गोरखपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग-24 पर बेलीपार थाना क्षेत्र के हाटा स्थित ईंट-भट्ठे के सामने शनिवार सुबह तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने हाथी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में हाथी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महावत समेत दो युवक घायल हो गए। महावत की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
जानकारी के मुताबिक, खजनी थाना क्षेत्र के छपिया निवासी हरीश सिंह का हाथी एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद गांव लौट रहा था। शनिवार सुबह हाथी हाटा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजर रहा था। इसी दौरान किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि हाथी सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर चोटों के चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में हाथी के साथ चल रहे सेवई गांव निवासी महावत जाफर अंसारी (20) पुत्र राजू अंसारी गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं फैयाज अंसारी (15) पुत्र जियाऊ अंसारी को भी चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची बेलीपार पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। उधर, हाथी की मौत की खबर मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने यातायात व्यवस्था संभालते हुए आवश्यक कार्रवाई की।
पुलिस फरार वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। शादी समारोह से लौट रहे हाथी की मौत से क्षेत्र में दुख का माहौल है।















