किडनी रोग बन रहे ‘साइलेंट किलर’, समय पर जांच से बच सकती हैं अनमोल जिंदगियां स्टार हॉस्पिटल और ग्लोम्स डायलिसिस केयर के संयुक्त तत्वावधान में सीएमई आयोजित, विशेषज्ञों ने शीघ्र निदान, आधुनिक उपचार और चिकित्सकों के बीच समन्वय पर दिया जोर

किडनी रोग बन रहे ‘साइलेंट किलर’, समय पर जांच से बच सकती हैं अनमोल जिंदगियां

स्टार हॉस्पिटल और ग्लोम्स डायलिसिस केयर के संयुक्त तत्वावधान में सीएमई आयोजित, विशेषज्ञों ने शीघ्र निदान, आधुनिक उपचार और चिकित्सकों के बीच समन्वय पर दिया जोर

गोरखपुर,। किडनी की बीमारियां शुरुआती दौर में स्पष्ट लक्षण नहीं दिखातीं। ऐसे में अधिकांश मरीजों को बीमारी का पता तब चलता है, जब गुर्दे काफी हद तक प्रभावित हो चुके होते हैं। इसी वजह से किडनी रोगों को ‘साइलेंट किलर’ कहा जाता है। नियमित जांच, समय पर पहचान और उचित उपचार से बीमारी की गंभीरता को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

किडनी रोगों के निदान और आधुनिक उपचार की जानकारी चिकित्सकों तक पहुंचाने के उद्देश्य से स्टार हॉस्पिटल प्राइवेट लिमिटेड, गोरखपुर और ग्लोम्स डायलिसिस केयर के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को सरोवर पोर्टिको में कंटीन्यूइंग मेडिकल एजुकेशन (सीएमई) कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें गोरखपुर और आसपास के क्षेत्रों के करीब 60 चिकित्सकों ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. अनिंद्य बिस्वास (डीएनबी-नेफ्रोलॉजी), सीनियर कंसल्टेंट एवं विभागाध्यक्ष, शांति मुकुंद हॉस्पिटल, नई दिल्ली ने किडनी रोगों के कारणों, शुरुआती लक्षणों, जांच और आधुनिक उपचार पद्धतियों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डायबिटीज और हाई ब्लड प्रेशर किडनी खराब होने के प्रमुख कारणों में शामिल हैं। इनसे पीड़ित लोगों को नियमित रूप से किडनी की जांच करानी चाहिए। पेशाब में झाग या खून आना, पैरों और चेहरे पर सूजन, पेशाब की आदतों में बदलाव तथा लगातार थकान जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। समय पर बीमारी की पहचान होने से किडनी को होने वाले नुकसान की गति कम करने और मरीज के जीवन की गुणवत्ता बेहतर बनाने में मदद मिलती है।

बेहतर उपचार के लिए विशेषज्ञों में समन्वय जरूरी

डॉ. बिस्वास ने कहा कि किडनी रोगों का प्रभावी प्रबंधन केवल नेफ्रोलॉजिस्ट तक सीमित नहीं है। जनरल फिजिशियन, कार्डियोलॉजिस्ट, सर्जन और नेफ्रोलॉजिस्ट के बीच बेहतर तालमेल तथा समय पर रेफरल जरूरी है। किडनी की बीमारी का असर शरीर के दूसरे महत्वपूर्ण अंगों पर भी पड़ सकता है। ऐसे में सभी विशेषज्ञों के आपसी सहयोग से बीमारी की शुरुआती पहचान और प्रभावी उपचार संभव है।

कार्यक्रम में डॉ. वजाहत करीम (सीनियर लेप्रोस्कोपिक सर्जन), डॉ. विरेश गुप्ता (एमडी-जनरल मेडिसिन) और डॉ. नवनीत जयपुरियार (डीएम-कार्डियोलॉजी) चेयरपर्सन के रूप में मौजूद रहे। चिकित्सकों ने किडनी रोगों की रोकथाम, शीघ्र निदान, उपचार की नई तकनीकों और मरीजों के बेहतर प्रबंधन पर विचार-विमर्श किया।

इस दौरान डॉ. हर्षवर्धन राय, डॉ. अर्चना गुप्ता, डॉ. एसएम सिन्हा, डॉ. अमृता जयपुरियार, डॉ. सुधीर, डॉ. अभिषेक यादव, डॉ. रविंद्र तिवारी, डॉ. पीसी साही और डॉ. आसिफ शकील सहित अनेक चिकित्सक उपस्थित रहे।

समापन पर डॉ. सुरिता करीम ने चिकित्सकों, अतिथियों और आयोजकों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में निरंतर ज्ञान-वर्धन, आपसी संवाद और विशेषज्ञों के सहयोग से मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकती हैं। आयोजकों ने भविष्य में भी चिकित्सा शिक्षा, जागरूकता और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने के लिए ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई।

Previous articleडीआईजी मुनिराज जी का बदायूं आगमन पर स्वागत, कानून-व्यवस्था की समीक्षा की पुलिस लाइन में गार्द सलामी के साथ हुआ स्वागत, मेला ककोड़ा की तैयारियों और अपराध नियंत्रण को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश
Next articleछठ घाटों पर सुरक्षा और सुविधाओं का मंडलायुक्त व डीआईजी ने लिया जायजा अमहट और निर्बलीकुंड घाट का किया निरीक्षण, गोताखोरों की तैनाती और बचाव संसाधन उपलब्ध रखने के निर्देश

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here