जब शहर मना रहा था दीपावली, तब सुरक्षा में तैनात जवानों के बीच पहुंचे एसपी
तरकुलवा में पुलिसकर्मियों को मिठाई बांटी, फुलझड़ियां जलाकर बढ़ाया हौसला; पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
संतकबीरनगर। दीपावली की रात जहां लोग अपने घरों में त्योहार की खुशियां मना रहे थे, वहीं पुलिसकर्मी आमजन की सुरक्षा के लिए सड़कों पर मुस्तैद थे। ऐसे में पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना खुद उनके बीच पहुंचे। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को मिठाई बांटकर दीपावली की शुभकामनाएं दीं और उनके साथ फुलझड़ियां जलाकर त्योहार की खुशियां साझा कीं। एसपी की इस आत्मीय पहल से ड्यूटी कर रहे जवानों का उत्साह बढ़ा।
दीपावली पर शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से एसपी थाना बखिरा क्षेत्र के ग्राम तरकुलवा पहुंचे। उन्होंने मां लक्ष्मी की पूजा और दीपोत्सव के दौरान किए गए सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से बातचीत कर ड्यूटी की स्थिति तथा सुरक्षा प्रबंधों की जानकारी ली।
इस दौरान एसपी ने परिवार से दूर रहकर जनपदवासियों की सुरक्षा में जुटे पुलिसकर्मियों के समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान पुलिस की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। आमजन की सुरक्षा, शांति और सौहार्द बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
पैदल गश्त कर परखी सुरक्षा व्यवस्था
एसपी ने ग्राम तरकुलवा में पैदल गश्त कर पूजा स्थलों, प्रमुख मार्गों, सार्वजनिक स्थानों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को लगातार भ्रमणशील रहने और प्रत्येक गतिविधि पर सतर्क निगरानी रखने के निर्देश दिए। किसी भी असामाजिक तत्व की ओर से माहौल बिगाड़ने या शांति व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास किए जाने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने को कहा।
उन्होंने संवेदनशील और महत्वपूर्ण स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रखने, ड्यूटी में पूरी मुस्तैदी बरतने, स्थानीय संभ्रांत नागरिकों और आयोजकों से बेहतर समन्वय बनाए रखने तथा आमजन के साथ शालीन एवं सहयोगात्मक व्यवहार करने पर भी जोर दिया।
ये अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी मेहदावल सर्वदवन सिंह, क्षेत्राधिकारी धनघटा अभयनाथ मिश्रा, क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पांडेय, थानाध्यक्ष बखिरा दिलीप कुमार सिंह, पीआरओ पीके गुप्ता सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
संतकबीरनगर पुलिस ने नागरिकों से दीपावली को प्रेम, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाने तथा जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।















