दीपावली बाद गोरखपुर आ सकती है चुनाव आयोग की टीम, तैयारियों में जुटा प्रशासन
डीएम-एसएसपी ने की संयुक्त बैठक, बूथवार मांगी मतदाता सूची की खामियों की रिपोर्ट; 12 नवंबर को ड्राफ्ट सूची का प्रकाशन
गोरखपुर। भारत निर्वाचन आयोग की टीम के दीपावली बाद संभावित गोरखपुर दौरे को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मतदाता सूची दुरुस्त करने के लिए गुरुवार को पुलिस लाइन स्थित व्हाइट हाउस सभागार में डीएम दीपक मीणा और एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने संयुक्त बैठक की। डीएम ने अधिकारियों को विधानसभा क्षेत्र और बूथवार उन मतदाताओं की रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया, जिनके नाम सूची में शामिल होने से छूट गए हैं।
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 12 नवंबर 2026 को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित होगी। इस पर 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां ली जाएंगी। इनका निस्तारण 28 दिसंबर तक होगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन चार जनवरी 2027 को प्रस्तावित है।
डीएम ने निर्देश दिया कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं सहित सभी पात्र नागरिकों का फार्म-6 भरवाकर नाम मतदाता सूची में शामिल कराया जाए। इसके लिए बीएलओ घर-घर जाकर पात्र लोगों से संपर्क करें। नाम छूटने के कारणों की वास्तविक जानकारी जुटाकर विशेष अभियान चलाया जाए।
बैठक में मतदान केंद्रों पर पेयजल, बिजली, शौचालय, रैंप और दिव्यांग मतदाताओं के लिए सुविधाओं का सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने पर जोर दिया गया।
बैठक में सीडीओ शाश्वत त्रिपुरारी, एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार, एडीएम प्रशासन डॉ. वैभव शर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट उत्कर्ष श्रीवास्तव, विभिन्न तहसीलों के एसडीएम और सहायक निर्वाचन अधिकारी शंकर मिश्रा मौजूद रहे। पुलिस विभाग से एसएसपी डॉ. कौस्तुभ, एसपी सिटी निमिष पाटिल, एसपी उत्तरी राजेश धुनावत, एसपी दक्षिणी दिनेश कुमार पुरी और एसपी ट्रैफिक अमित श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।















