कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ के अध्यक्ष बने विश्वेश शुक्ला, नई कार्यकारिणी ने संभाली कमान
डीएम दीपक मीणा से की मुलाकात, कर्मचारी हितों और समस्याओं पर हुई चर्चा
गोरखपुर। उत्तर प्रदेशीय मिनिस्ट्रियल कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ की जनपद शाखा के चुनाव में विश्वेश शुक्ला अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। नई कार्यकारिणी के गठन के बाद संगठन की गतिविधियां तेज हो गई हैं। सोमवार को नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने जिलाधिकारी दीपक मीणा से मुलाकात कर उनका अभिवादन किया। इस दौरान कर्मचारियों के हितों, उनकी समस्याओं और संगठन की भावी कार्ययोजना पर चर्चा हुई।
मुलाकात के दौरान पदाधिकारियों ने कर्मचारी हितों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय बनाकर काम करने की प्रतिबद्धता जताई।
अध्यक्ष निर्वाचित होने पर विश्वेश शुक्ला ने कर्मचारियों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उन्हें मिली जिम्मेदारी संगठन के प्रत्येक सदस्य के विश्वास और एकजुटता का परिणाम है। कर्मचारियों के सम्मान, अधिकार और स्वाभिमान से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा। संगठन प्रत्येक कर्मचारी की समस्याओं को अपनी समस्या मानकर उनके समाधान के लिए प्रभावी प्रयास करेगा।
उन्होंने कहा कि कलेक्ट्रेट के कर्मचारी प्रशासनिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। शासन और प्रशासन की योजनाओं को धरातल पर उतारने से लेकर विभिन्न विभागीय दायित्वों के निर्वहन तक उनकी भूमिका अहम होती है। ऐसे में कर्मचारियों की सेवा संबंधी समस्याओं और जायज मांगों का समयबद्ध समाधान जरूरी है। संगठन संबंधित अधिकारियों से संवाद कर इन मुद्दों को उचित मंच पर उठाएगा।
विश्वेश शुक्ला ने कहा कि संगठन की ताकत एकता और आपसी विश्वास में है। सभी कर्मचारियों को साथ लेकर संगठन को सक्रिय, पारदर्शी और मजबूत बनाया जाएगा। किसी भी कर्मचारी के साथ अन्याय होने पर संगठन नियमानुसार समाधान के लिए उसकी आवाज बनेगा।
नई कार्यकारिणी में इन्हें मिली जिम्मेदारी
चुनाव में सुशील कुमार श्रीवास्तव मंत्री, नितिन कुमार श्रीवास्तव संयुक्त मंत्री और रितेश शर्मा वरिष्ठ उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। इसके अलावा विराट शुक्ला कनिष्ठ उपाध्यक्ष, रविंद्र नाथ पांडे सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा मंत्री, संत बली चौधरी संप्रेक्षक तथा पंकज श्रीवास्तव कोषाध्यक्ष चुने गए।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष ने सभी पदाधिकारियों और सदस्यों से संगठन की गरिमा बनाए रखने तथा कर्मचारी हितों के लिए एकजुट होकर काम करने की अपील की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कार्यकारिणी कर्मचारियों के विश्वास पर खरा उतरने और उनकी जायज मांगों के समाधान के लिए प्रशासन के साथ सकारात्मक संवाद बनाए रखने का प्रयास करेगी।















