एसएसपी ने किया यातायात माह का शुभारंभ, जागरूकता बाइक रैली को दिखाई हरी झंडी

एसएसपी ने किया यातायात माह का शुभारंभ, जागरूकता बाइक रैली को दिखाई हरी झंडी

बदायूं। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को रिजर्व पुलिस लाइन्स में यातायात माह नवंबर-2026 का शुभारंभ किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। मुख्य अतिथि सदर विधायक एवं उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व राज्यमंत्री महेश चंद्र गुप्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान एसएसपी अंकिता शर्मा ने अधिकारियों, पुलिसकर्मियों, विद्यार्थियों, वाहन चालकों और आमजन को यातायात नियमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यातायात नियमों का पालन करके ही सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सकती है।

उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और नशे की हालत में वाहन न चलाने की अपील की। साथ ही निर्धारित लेन में चलने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने, स्टंट बाइकिंग से बचने तथा प्रेशर हॉर्न और मॉडिफाइड साइलेंसर का इस्तेमाल नहीं करने की हिदायत दी। सड़क पार करते समय जेब्रा क्रॉसिंग का उपयोग करने और चौराहों पर सावधानी बरतने की भी अपील की गई।

इसके बाद विधायक महेश चंद्र गुप्ता और एसएसपी अंकिता शर्मा ने यातायात जागरूकता बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली पुलिस लाइन ग्राउंड से शुरू होकर पुलिस लाइन चौराहा, इंद्रा चौक, लावेला चौक और जेल तिराहा होते हुए वापस पुलिस लाइन पहुंचकर संपन्न हुई। रैली के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों के पालन और सुरक्षित आवागमन का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. हृदेश कठेरिया, एसडीएम सदर साई आश्रित शाखमुरी, सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नगर सुमेध मिलिंद जाधव, एआरटीओ हरिओम गौतम, प्रभारी निरीक्षक यातायात मनोज कुमार वर्मा, टीएसआई और यातायात पुलिसकर्मी मौजूद रहे। इसके अलावा ऑटो एवं ई-रिक्शा चालक, पुलिस मॉडर्न स्कूल के विद्यार्थी, राजकीय इंटर कॉलेज के एनसीसी कैडेट्स, आमजन और मीडिया प्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की।

बदायूं पुलिस ने लोगों से स्वयं यातायात नियमों का पालन करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।

विज्ञप्ति के अनुसार 

Previous articleत्योहारों से पहले सड़क पर उतरे डीएम-एसएसपी, परखी सुरक्षा व्यवस्था रेलवे तिराहा से रोडवेज तक पैदल गश्त, यातायात और कानून-व्यवस्था को लेकर दिए निर्देश
Next articleआतिशबाजी की दुकानों पर सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन अनिवार्य प्रशासन की ओर से चिन्हित स्थानों पर ही लगेंगी अस्थायी दुकानें, लाइसेंस के लिए तीन नवंबर को होगा आवेदन

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here